Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भाजपा, कांग्रेस के प्रति जितना भी दुष्प्रचार कर ले, उसे इसका कोई भी राजनैतिक लाभ मिलने वाला नहीं है। उन्होंने भाजपा को याद दिलाया कि जब कर्मचारी ओपीएस की मांग को लेकर सड़कों पर थे, उस समय के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें पेंशन लेने के लिये चुनाव लड़ने को ललकारा था। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार ने अपने कार्यकाल में कर्मचारियों की किसी भी मांग को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में कर्मचारियों के दय भत्ते भी नहीं दिए गए। उन्होंने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार को 70 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज और 12 हजार करोड़ से अधिक की कर्मचारियों की देनदारियां भाजपा सरकार से विरासत में मिली हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपए देने की कांग्रेस की गारंटी का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने भी लाहौल स्पीति की महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान निधि जारी रखने को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को यह राशि प्रदान करने को पूरी तरह बचनबद्ध है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार लोगों से किये अपने सभी वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस प्रकार प्रदेश सरकार को अस्थिर करने की असफल कोशिश की, अब उसके परिणामस्वरूप प्रदेश में लोकसभा की चारों व विधानसभा की छह सीटों पर करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह सुरक्षित है और चुनाव परिणामों के बाद और भी मजबूत होगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *