शिमला। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि हिमाचल में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के मकसद से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) 1932 इलेक्ट्रॉनिक बसों की खरीद करेगी। इसके तहत इस वर्ष 327 बसें खरीदी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रथम दर्शन योजना के तहत 175 रूटाें पर बसें चलाने की योजना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के लिए शुरू में 6 रूट शुरू होंगे और इसको शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। वे वीरवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य में डीजल से चलने वाली बसों को इलेक्ट्रिक बसों से बदला जा रहा है। इसी दिशा में निगम द्वारा आगामी 4 वर्षों में 1932 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव है। इसमें वर्ष 2024-25 में टाइप-1 की 297 और टाइप-3 की 30 बसों की खरीद प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में खरीदी जाने वाली बसों के लिए वित्त विभाग से अनुमति लेने और ग्लोबल टेंडर के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ वार्षिक आधार पर बसें खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसों में सामान रखने की भी व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के निदेशक मंडल की बैठक में इसकी मंजूरी दे दी गई है।
अग्निहोत्री ने कहा कि प्रथम दर्शन योजना के तहत कुल 175 रूटाें पर बसें चलाने की योजना है। खाटू श्याम, चिंतपूर्णी, ज्वालामुखी सहित कुछ धार्मिक स्थलों को बस सेवा शुरू कर चुकी है। अब अयोध्या, वृंदावन, मथुरा जैसे स्थानों के लिए यह बसें चलेगी। इन बसों की निगम ब्रांडिंग करेगा। जब ये बसें अपने गंत्वय स्थान के लिए चलेगी, उससे पहले मंत्रोच्चारण होगा ताकि एक धार्मिक माहौल बना रहे। उन्होंने कहा कि अयोध्या के लिए एचआरटीसी शुरूआती दौर में 6 रूटों पर बस सेवा शुरू करेगा। इसके लिए परमिट लेने की प्रक्रिया वहां की सरकार के साथ शुरू कर दी है। परिवहन निगम ने शिमला से अपने अधिकारियों की एक टीम अयोध्या भी भेजी है। वह यह देखेगी कि वहां पर बसें कहां पर पार्क होगी और बुकिंग की प्रक्रिया कैसे हो सकती है। स्टेशन सहित अन्य सभी चीजों का आंकलन यह टीम करेगी व अपनी रिपोर्ट प्रबंधन को देगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआरटीसी की बसों में कैशलैस सफर होगा। इसके लिए परिवहन निगम नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) कार्ड बनाएगा। यह कार्ड एचआरटीसी बसों के अलावा अन्य राज्यों की सरकारी बसों जहां पर ये सुविधा शुरू होगी, वहां और रेलवे तथा मैट्रो में भी चलेगा। इसके तहत सरकारी बसों में सफर करने वाले यात्री क्यूआर कोड, यूपीआई, क्रेडिट और डेबिट कार्ड से जरिए कैशलैस टिकट का भुगतान कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि एक कार्ड पर पांच तरह की सेवाएं देने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में हर साल स्कूल व कॉलेज के बच्चों के अब ऑनलाइन पास बनेंगे।
यात्रियों को गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए एचआरटीसी प्रयासरत: मुकेश अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्राथमिकता के आधार पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। उप-मुख्यमंत्री वीरवार को यहां एचआरटीसी के निदेशक मंडल की 155वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। निदेशक मंडल ने निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की और विश्वास जताया कि आने वाले समय में सभी के सहयोग से लोगों को और बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
बैठक में उप-मुख्यमंत्री ने सेंट्रलाइज्ड इन्वेंटरी मैनेजमेंट सिस्टम का औपचारिक तौर पर शुभारम्भ किया, जिसके तहत मुख्य कार्यालय और खंड स्तर पर प्रतिदिन के आधार पर इन्वेंट्री की प्रभावी निगरानी और नियंत्रण किया जा सकेगा। इस प्रणाली के तहत जिस यूनिट में स्पेयर पार्ट्स की जरूरत होगी, वह अन्य यूनिट से ऑनलाइन मांग कर सकेंगे, जिससे स्थानीय खरीद बंद होगी और पैसे की भी बचत होगी। यह प्रणाली डिविजनल वर्कशाप तारा देवी और जसूर तथा क्षेत्रीय कार्यशाला शिमला लोकल, ऊना और धर्मशाला में ट्रायल आधार पर चल रही है।
बैठक में बताया गया कि निगम में एकीकृत टिकट प्रबन्धन प्रणाली (इंटीग्रेटेड टिकटिंग मैनेजमेंट सिस्टम) विकसित की जा रही है जिसके तहत यात्री बसों में डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई, क्यूआर कोड और एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) कार्ड से भुगतान कर सकेंगे और यह सुविधा देने वाला हिमाचल प्रदेश पहला राज्य होगा।
उप-मुख्यमंत्री ने प्रथम दर्शन सेवा की इन्फार्मेशन बुकलेट का विमोचन भी किया और निगम को प्रथम दर्शन सेवा के तहत चलाई जा रही बसों की पुनः ब्रांडिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि निगम ने हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड को शिमला लोकल और हमीरपुर/नादौन में 11 स्थानों पर इलेक्ट्रिकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए 11 करोड़ 43 लाख रुपये की राशि जारी की है। यह चार्जिंग स्टेशन शिमला में शिमला लोकल वर्कशाप, आईएसबीटी टूटीकंडी के समीप, तारादेवी वर्कशाप, ठियोग बस स्टैंड, अर्की और जुन्गा में स्थापित किये जायेंगे। इसी प्रकार, हमीरपुर/नादौन में यह चार्जिंग स्टेशन हमीरपुर वर्कशाप, हमीरपुर बस स्टैंड, जाहू बस स्टैंड, नादौन बस स्टैंड और नए इलेक्ट्रिक डिपो नादौन में स्थापित किये जायेंगे।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक, रोहन चंद ठाकुर ने सभी सदस्यों का बैठक में स्वागत किया और बैठक का संचालन किया। बैठक में निदेशक मंडल के गैर सरकारी सदस्यों के अलावा प्रधान सचिव आर.डी. नज़ीम, परिवहन निदेशक अनुपम कश्यप और निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
