शिमला। भारतीय जनता पार्टी ने सुक्खू सरकार द्वारा गेस्ट टीचर भर्ती को युवाओं के साथ धोखा करार दिया है और इसे युवाओं की प्रतिभा का अपमान व शोषण बताया है। भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने सरकार पर आरोप लगाया कि एक साल में एक लाख नौकरी देने की गारंटी के साथ सत्ता में आई सुक्खू सरकार आज अपने चहेतों को लाभ देने के लिए इस प्रकार की योजनाओं लाकर बेरोजगार युवाओं को ठगने का काम कर रही है।
धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड हमीरपुर को बंद करके मेरिट को दरकिनार कर आज सरकार गेस्ट टीचर भर्ती क़े माध्यम से युवाओं को 200-300 रुपए प्रति पीरियड मानदेय देकर युवाओं की डिग्री व उपाधि का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की बेरोजगारी और उनकी मज़बूरी का लाभ उठा कर इसी योजनाओं के माध्यम से उनका शोषण करने का प्रयास करना चाहती है।
महेंद्र धर्माणी ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनाने से पहले रोजगार क़े नए अवसर पैदा करने व पद सृजित करने का वादा भी किया था, परन्तु आज हाल यह है कि खाली पड़े पदों को आज तक सरकार भर नहीं पाई और उल्टा चोर दरवाजे से भर्ती कर बेरोजगारों को ठग रही है। उन्होंने सुक्खू सरकार से सवाल किया कि वह अपनी झूठी गारंटियों का खुलासा करे और ये बताये कि पहली कैबिनेट में जो एक लाख नौकरियां देनी थी उनका क्या हुआ?
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि युवा विरोधी और युवाओं का शोषण करने वाली कांग्रेस सरकार की इस नीति को भाजपा गलत मानती है और इसे तुरंत वापिस लेने की मांग करती है। साथ ही उनकी यह भी मांग है कि सरकार अपने चुनावी वायदे क़े अनुसार एक लाख सरकारी नौकरी दे और सरकारी चयन आयोग बोर्ड क़े माध्यम से पढ़े लिखे बेरोजगार युवाओं को स्वाभिमान और सम्मान से नौकरी प्रदान करे, ताकि वे सम्मान क़े साथ जीवन यापन कर सके।
