शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रामपुर में बीती रात एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल का रामपुर के खनेरी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस सबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा रामपुर की नोगली-तकलेच सड़क पर खनोटु के पास पेश आया। पुलिस के अनुसार, मारुति कार तकलेच से खनोटु की ओर आ रही थी। जैसे ही गाड़ी खनोटु के पास पहुंची तो बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त गाड़ी में चार व्यक्ति सवार थे। इनमें ओंकार जिला चंबा, प्रकाश चंद नेगी गांव खनोटु, डाकघर तकलेच तहसील रामपुर, महावीर गांव करदाल, सलूणी, चंबा की मौत हो गई। वहीं, योगादत गांव डंसा, रामपुर हादसे में घायल है। घायल को एंबुलेस से ख़नेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
डीएसपी रामपुर शिवानी ने बताया कि इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
