शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने हमीरपुर जिला के भोरंज में एक महिला के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि यह घटना बहुत ही दुखदाई है और देव भूमि को शर्मसार करने वाली है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि महिलाओं के साथ इस प्रकार की कोई भी घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए अभिशाप है जो किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला को पूरा न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की कोई घटना ने हो, इसके लिए जरूरी है कि इस घटना में संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी सज़ा मिले। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भविष्य में ऐसी किसी भी घटना पर जो समाज विरोधी, महिलाओं से बदसलूकी से जुड़ी हो, पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा है, जिससे ऐसी शर्मसार घटनाओं पर रोक लग सके।
