नूरपुर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में घटित जल प्रलय तथा प्राकृतिक आपदा के कारण जलशक्ति विभाग को प्रारंभिक अनुमान के तहत अब तक 1548 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। इसमें से कांगड़ा ज़िला में 190 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। यह जानकारी उन्होंने बुधवार को चम्बा जाते हुए लोक निर्माण विश्राम गृह नूरपुर में दी।
अग्निहोत्री ने बताया कि गत दिनों प्रदेश में हुई भारी बरसात से राज्य को प्रारम्भिक अनुमान के अनुसार लगभग 8000 करोड़ रुपए तक का नुकसान आंका गया है। भारी बरसात और बाढ़ के कारण प्रदेश में बिजली, पानी और सड़क परियोजनाओं को बड़े पैमानें पर नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि अधिकतर परियोजनाओं को तेजी से बहाल कर दिया है लेकिन स्थाई रूप से बहाल करने में अभी कुछ समय लगेगा। उन्होंने बताया कि कांगड़ा ज़िला में जलशक्ति विभाग की जो परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हुई थी वे सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं। इसके अतिरिक्त ज़िला में सभी रूटों पर एचआरटीसी की बसें सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि आपदा के दौरान कुल्लू एवम लाहौल स्पीति सहित अन्य स्थानों में 70 हज़ार से अधिक पर्यटक एवं लोग फंसे हुए थे, जिनकी सकुशल घर वापसी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य किया है। अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश में घटित यह सबसे बड़ी आपदा है। बावजूद इसके, राज्य के लोग मजबूती के साथ इसका सामना कर रहे हैं और राज्य सरकार प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है।
फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना के शेष कार्य को पूरा करने के लिए केंद्रीय जल आयोग की मंजूरी
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नूरपुर में निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना के कार्य को पूरा करने के लिए केंद्रीय जल आयोग ने मंजूरी प्रदान कर दी है। राज्य सरकार द्वारा इसके निर्माण कार्य पर अब तक 300 करोड़ रुपए व्यय किये जा चुके है। जबकि शेष कार्य को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार से 343 करोड़ रुपए की राशि जारी करने हेतु प्रदेश सरकार ने मजबूती से अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से धनराशि प्राप्त होते ही शेष निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक भवानी पठानिया, पूर्व विधायक अजय महाजन, एसडीएम गुरसिमर सिंह, जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियंता सुरेश महाजन, डीएसपी विशाल वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस सचिव योगेश महाजन सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
