शिमला। देश व प्रदेश में डीजल और पेट्रोल की लगातार बढ़ रही कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस कड़ी में जिला शिमला कांग्रेस कमेटी शिमला ने प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजकर, इसमें एक्साइज ड्यूटी कम करने की मांग की। जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, शिमला शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं में उपायुक्त कार्यालय में जाकर यह ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि पिछले दिनों से लगातार डीजल के मूल्यों में बढ़ोतरी की जा रही है, आज तक पेट्रोल में 8:80 रुपए व डीजल में 10:40 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गईं है। ज्ञापन में कहा गया कि पिछले 12 समय में इसमें 23.78 रुपए प्रति लीटर के मूल्य बढ़ोतरी की गई है, जोकि 258 प्रतिशत पेट्रोल व् 820 प्रतिशत डीजल के मूल्य में बढ़ोतरी बनती है, विश्व में कच्चे तेल के मूल्य में भारी कमी के बावजूद देश और प्रदेश में इसके मूल्यों में बढ़ोतरी की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने कोविड-19 के चलते देश की अर्थव्यवस्था को सुचारू करने के लिए इसकी एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई है। ऐसे में जबकि लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके मूल्यों में बढ़ोतरी से महंगाई और लोगों की जीवन यापन पर विपरीत असर पड़ेगा इस मूल्यवृद्धि को जनहित में वापस लिया जाना चाहिए। ज्ञापन में कहा गया कि करोना महामारी के चलते देश की अर्थव्यवस्था पर विपरीत असर पड़ा है और इससे जहां देश की अव्यवस्था ठहर गई है, वही दूसरी तरफ प्रदेश में हजारों की संख्या में युवाओं को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है।
कांग्रेस ने इस महामारी लड़ने के लिए सरकार का पूरा सहयोग किया है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कोविड-19 के नाम पर लोगों से इकट्ठा किया गया फंड देश और प्रदेश के गरीब लोगों के कल्याण पर खर्च किया जाना चाहिए। इस मौके पर जिला संगठन महामंत्री रुपेश कंवर, महासचिव प्रेस मीडिया राजेश वर्मा के अलावा, पार्षद इंद्रजीत सिंह सैन राम नेगी, बलदेव पुरी, धर्मपाल ठाकुर, पूर्व पार्षद धर्मेंद्र चौहान, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश सैनी, नीरज बक्शी, अमृतपाल सिंह, संजय मेहता, प्रतीक राकेश ठाकुर रवि कुमार आदि मौजूद थे।
