Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि उन्होंने कोटखाई गुड़िया हत्या मामले को कभी छोटा नहीं‌ कहा। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में उनके एक बयान को एक साजिश के तहत तोड़मरोड़ कर पेश किया जा रहा है, जो बहुत ही निंदनीय है।
प्रतिभा सिंह ने स्पष्ट किया कि कोटखाई में छोटी गुड़िया के साथ हुए जघन्य अपराध पर भाजपा ने प्रदेश में पुलिस थाना जलाया। सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाया,‌ जबकि तत्कालीन वीरभद्र सिंह सरकार ने पहले इस मामले की एसआईटी जांच बिठाई। बाद में परिवार की मांग पर इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि गुड़िया का यह मामला जब सामने आया था तो उसके तुरंत बाद वह स्वयं पीड़ित परिवार के घर गई थी और उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा कि आज भी वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उनके लिए न्याय की मांग करती हैं।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि वह प्रदेश में पेपर लीक मामले की जांच से लोगों का ध्यान बांटने की फिराक में है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक से प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है और सरकार इसकी सीबीआई जांच से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं और कानून व्यवस्था का जनाजा निकल रहा है, वह सब प्रदेश के लोगों के सामने है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *