शिमला। देहरा से निर्दलीय विधायक होशियार सिंह और जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र से आजाद विधायक प्रकाश राणा ने भाजपा का दामन थाम लिया है। विधानसभा चुनाव से ऐन पहले इन दोनों आजाद विधायकों ने बुधवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भाजपा सदस्यता फॉर्म पर हस्ताक्षर कर भाजपा की सदस्यता हासिल की। ये दोनों विधायक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि दोनों विधायक होशियार सिंह और प्रकाश राणा लंबे समय से विधानसभा में पार्टी का समर्थन कर रहे थे।अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर पार्टी की सदस्यता ले ली है। उन्होंने कहा कि कई नेताओं ने भाजपा में शामिल होना शुरू कर दिया है और आने वाले समय में और भी बहुत नेता भाजपा में शामिल होंगे।
उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि दो निर्दलीय विधायक आज पार्टी में शामिल हो गए हैं। पिछले साढ़े चार साल की सरकार का हमें उनका सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं से मशविरा के बाद इन्हें पार्टी में लिया गया है। उन्होंने कहा कियह कदम आने वाले समय में पार्टी और सरकार को और मजबूत बनाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा किहोशियार सिंह और प्रकाश राणा केंद्र में मोदी सरकार और राज्य में उनकी सरकार को और मजबूत करेंगे।उन्होंने कहा कि पार्टी चुनावी मोड में है और पूरे राज्य का वातावरण उनके पक्ष में है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा हिमाचल से प्यार किया है और यह उनकी शिमला यात्रा के दौरान यह काफी स्पष्ट था। अब पीएम 16 और 17 जून को धर्मशाला आ रहे हैं। उन्होंने कहा किहिमाचल में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है और जुलाई माह में एम्स का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा किभाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक पूरी तरह सफल रही है।
इस मौके पर जसवंत ठाकुर, राकेश जम्वाल और 20 अन्य भी पार्टी में शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल और प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल भी इस दौरान उपस्थित थे।
