शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रस्तुत बजट पर निराशा प्रकट करते हुए कहा है कि प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने लोगों को लुभाने का असफल प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि बजट में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी दूर करने के लिये कोई सार्थक पहल नही है।राठौर ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि बजट में कुछ भी नया नही है,जिसके लिए इसकी सराहना की जाए। बजट में ऐसा कोई भी प्रावधान नही है जिससे आम लोगों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों पर्यटन विभाग से जड़े लोगों को कोई राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि बजट महज आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने का प्रयास किया गया है, जबकि प्रदेश का सरकारी खजाना खाली पड़ा है। उन्होंने कहा है कि बजट में की गई घोषणाओं को पैसा कहां से आएगा।
