Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में तीन फरवरी से 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल कोविड प्रोटोकॉल में खुलेंगे। स्कूलों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शिक्षा विभाग ने एसओपी जारी कर दी है। स्कूल के कमरे की क्षमता अनुसार 50 फीसदी विद्यार्थियों को ही एक कक्षा में बैठाया जाएगा। शेष विद्यार्थियों की क्लास दूसरे कमरे में लगाई जाएगी। प्रार्थना सभा, खेलकूद सहित एकत्र होने वाली अन्य गतिविधियों पर रोक रहेगी। वहीं, लंच ब्रेक और आने-जाने का समय कक्षावार अलग-अलग होगा। कक्षाओं में एक बेंच में एक ही विद्यार्थी को बिठाया जाएगा। प्रदेश के ग्रीष्मकालीन स्कूलों में 7 जनवरी 2022 तक सर्दियों की छुट्टियां दी थी। इसी बीच, कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने पर सरकार ने 26 जनवरी तक स्कूलों को बंद कर दिया था। इसके बाद 31 जनवरी तक स्कूलों को दोबारा बंद रखने का फैसला लिया गया। वहीं, शीतकालीन स्कूलों में पहले ही 15 फरवरी तक अवकाश दिया गया है। अब प्रदेश सरकार ने तीन फरवरी से ग्रीष्मकालीन स्कूलों में दोबारा नियमित कक्षाएं लगाने का फैसला लिया है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने सभी स्कूल प्रिंसिपलों को विद्यार्थियों की क्षमता और कमरों की संख्या के अनुसार माइक्रो प्लान बनाने को कहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को लिए एसओपी तैयार की गई है और उसे सभी स्कूलों को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए फेस मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही स्कूल परिसरों में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं ग्रीष्मकालीन स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं ऑनलाइन ही जारी रहेंगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *