Spread the love

शिमला। जुब्बल-नावर-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के वितीय वर्ष  2016-17 में जिला शिमला के लिए ब्रिक्स के माध्यम से 39 करोड़ की एकमात्र स्वीकृत अतिमहत्वाकांक्षी पब्बर उठाऊ पेयजल योजना का चार वर्षों से लम्बित टेन्डर आवंटित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के बनने से जुब्बल-नावर-कोटखाई की 27 पंचायतों के 194 गांव लाभान्वित होंगे और इस योजना का कार्य शीघ्र ही प्रारम्भ कर दिया जाएगा। वे क्षेत्र की ग्राम पंचायत अन्टी में आयोजित विधायक जनता के द्वार कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। 
रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के समय की अन्टी पंचायत के लिए स्वीकृत 6 करोड़ की सिंचाई योजना को धरातल पर उतारा जाएगा। 2012-17 के कांग्रेस कार्यकाल में जुब्बल नावर कोटखाई में 131 पेयजल व सिंचाई योजनाओं के लिए लगभग 100 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करवाई गई है, जिसके कार्य को गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्टी पंचायत के तहत गांव के सभी सड़क संपर्क मार्गों को चरणबद्ध तरीक़े से पक्का किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत 6 करोड़ की लागत से बन रही सन्सोग सड़क संपर्क मार्ग, जिसका कार्य धीमी गति से चल रहा है, उसमें तेज़ी लाई जाएगी। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि 80 करोड़ से स्वीकृत LPRR हाटकोटी-सनैल सड़क का कार्य भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अणु की सब्जी मंडी के शेष निर्माण कार्य को पूरा करने और भविष्य में सीए स्टोर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के प्रयासों से जर्मन वित्तपोषित 18 करोड़ की लागत से KFW योजना के तहत हाटकोटी में 66 केवी विद्युत नियंत्रण केंद्र को जल्द ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए पिछले चार वर्षों से लम्बित पड़ी डीपीआर को स्वीकृति प्रदान करने और सड़कों के कछुआ चाल से चले हुए कार्य को गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जुब्बल-नावर-कोटखाई में हर क्षेत्र का एक समान और समग्र दृष्टिकोण के साथ विकास करने का प्रयास किया है, जिसे आगे भी ज़ारी रखा जाएगा। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र और बाग़वानों की समस्याओं को विधानसभा के भीतर और सरकार के समक्ष मज़बूती के साथ उठाकर हल करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को उप चुनाव में 4-0 से मिली करारी शिकस्त से जनता ने साफ़ संकेत दे दिया है कि भाजपा सरकार की 2022 में विदाई होगी और कांग्रेस पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापिसी करेगी। उन्होंने अन्टी पंचायत के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली जीत कार्यकर्ताओं के परिश्रम और मेहनत का फल है। विधायक ने जन समस्याओं को भी सुना और जल्द ही विभागों के अधिकारियों से संवाद कर निपटारा करने का आश्वासन दिया। इस  दौरान ग्राम पंचायत अन्टी के प्रधान राविन्दर रावत, उप प्रधान वरिन्दर, बीडीसी सदस्य प्रेमलता गांगटा, ग्राम पंचायत कुड़डू के उप प्रधान कामेश्वर, अन्टी पंचायत के पूर्व उप प्रधान वरिन्दर, शिशु, ग्राम पंचायत मांदल के प्रधान बलबीर शर्मा, पूर्व प्रधान धर्मदास, हीरानन्द, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष जुब्बल-कोटखाई प्यारे राम शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य इंदर सिंह, कांता देवी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता केसंग नेगी, बाबू राम, सोहन सिंह, नेगटा, सुरिंदर शर्मा, अमर रावत आदि मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *