Spread the love

शिमला। स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती एवं पंतजलि योगपीठ हरिद्वार जैसी अन्य संस्थाओं के संयुक्त तत्वाधान में 75 करोड़ सूर्य नमस्कार का संकल्प लिया गया है। इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हरि सिंह ने कहा कि इसी श्रृंखला में हिमाचल प्रांत में भी 1 करोड़ सूर्य नमस्कार का लक्ष्य रखा गया है। यह संकल्प सूर्य नमस्कार महायज्ञ आयोजन समिति हिमाचल प्रदेश द्वारा पूरा किया जाएगा। इस समिति में समाज के हर क्षेत्र से महिलायें, विद्यार्थी, सेवा, राजनीति, किसान, मजदूर इत्यादि सभी संगठन भाग ले रहे हैं। 

डॉ. हरि सिंह ने सोमवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि यह कार्यक्रम 7 फरवरी पूरे देशभर में किया जाएगा, ताकि 75 करोड़ सूर्य नमस्कार का लक्ष्य पूरा किया जा सके। प्रदेश में यह लक्ष्य 31 जनवरी यानी आज से शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए 30 जनवरी तक 58853 लोगों ने पंजीकरण करवाया है, जिनमें बच्चे, महिलाएं इत्यादि सभी सामाजिक वर्गों के लोग सम्मिलित हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया निरंतर चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति से आग्रह किया है कि प्रतिदिन न्यूनतम 13 सूर्य नमस्कार करे। इसके साथ ही सामर्थ्य के अनुसार 350, 300, 121, 108 संख्या का योग साधकों ने संकल्प लिया है। डॉ. हरि सिंह ने कहा कि जो लोग सूर्य नमस्कार में असमर्थ हैं, उनके लिए कुर्सी वाला सूर्य नमस्कार करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने बताया कि यदि 65 हजार लोग 13 सूर्य नमस्कार प्रतिदिन करेंगे, तो हम संकल्प को काफी नजदीक पहुंच जाएंगे। इसके साथ ही 35 संगठनों के सौ-सौ कार्यकर्ता प्रतिदिन 75 से 80 सूर्य नमस्कार करने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे निश्चित रूप से 1 करोड़ सूर्य नमस्कार के संकल्प एवं लक्ष्य को पूरा करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *