शिमला। शिमला नगर निगम के चुनाव से पहले कुछ पंचायतों को नगर निगम में मिलाए जाने को लेकर प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया का विरोध भी तेज हो गया है और वे नगर निगम में शामिल होने को तैयार नहीं है। राजधानी के साथ लगते भोंट पंचायत के भोंट और रज्ञान आदि क्षेत्रों के लोग भी पंचायत में ही रहना चाहते हैं और वे नगर निगम में शामिल होने से साफ इनकार कर रहे हैं। इसी मामले को लेकर भोंट पंचायत के भोंट व रज्ञान आदि क्षेत्रो के जनप्रतिनिधियों ने उनके इलाके नगर निगम में न मिलाने की बाबत प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को ज्ञापन सौंपा।
जिला परिषद चम्याणा की सदस्य लता वर्मा, भोंट पंचायत के पूर्व प्रधान बलदेव ठाकुर, भोंट पंचायत के उप प्रधान वरिंदर ठाकुर एवं युवक मण्डल रज्ञान-दुधली के अध्यक्ष शुभम वर्मा ने राज्यपाल से मिलकर उनके इलाकों को नगर निगम में शामिल न करने की मांग की। साथ ही इस संबंध में स्थानीय लोगों की राय से भी राज्यपाल को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि लोग इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं, क्योंकि वे ग्रामीण परिवेश में ही रहना चाहते हैं और नगर निगम में आने से उनकी दिक्कतें बढ़ेंगी और वे नहीं चाहते कि उन्हें कोई दिक्कत परेशानी हो।
