शिमला। मंडी संसदीय क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता की आवाज को केंद्र के समक्ष जोर-शोर से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांगी घाटी को सुरंग से जोड़ने का मामला केंद्र से प्रमुखता से उठाया जाएगा। कुल्लू जिले में जलोड़ी जोत के मामले को भी पूरी प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, पुरानी पेंशन के मामले को जोर-शोर से केंद्र से उठाया जाएगा।
आज यहां प्रेस कांफ्रेंस में प्रतिभा सिंह ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में और कमी होनी चाहिए। इसके साथ-साथ रसोई गैस और खाद्यान्न के दामों में भी कमी की जानी चाहिए, तभी महंगाई से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों के जनहित के मुद्दों को केंद्र सरकार के सामने पूरी ताकत से उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र के पांगी को सुरंग से जोड़ने को हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। इसके लिए सारा डाटा एकत्र कर मामले को उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले में आनी-निरमंड को कुल्लू जिले से जोड़ने के लिए जलोड़ी जोत के नीचे से सुरंग का निर्माण का मामला भी केंद्र से प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य में 69 एनएच खोलने की बात कही थी, लेकिन उनकी डीपीआर नहीं बनी है। वे अब इस मामले को केंद्र से उठाएंगी और पूछेंगी कि उनकी क्या स्थिति है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई बहुत तेजी से बढ़ी है और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। अभी चुनाव में भाजपा की हार के बाद सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज और वेट घटाया है। इससे इनकी कीमतों में कुछ कमी हुई है, लेकिन यह नाकाफी है और इसमें और कमी आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में भी तुरंत कमी की जानी चाहिए। साथ ही खाद्यान्नों की कीमतों में भी कमी की जानी चाहिए, तभी आम आदमी को कुछ राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस द्वारा चारों सीटें जीतने के बाद केंद्र व राज्य सरकार को पेट्रोल व डीजल के दाम कम करने पड़े हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में हुए चार उप चुनाव के नतीजों का संदेश पूरे देश में गया है। चुनावों के दौरान भी देखा कि महंगाई को लेकर लोगों में सरकार के प्रति प्रभारी रोष है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन को बहाल करने का मामला भी केंद्र से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में कर्मचारियों की यह मांग है और इसे वे जोर-शोर से उठाएंगी। उन्होंने कहा कि वन रेंक-वन पेंशन के मामले को भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी भी इस मांग को लेकर पूर्व सैनिक आंदोलन पर हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय इलाकों के लोगों का नौतोड़ का मामला भी अनसुलझा है और इस मामले पर भी केंद्र से बात की जाएगी और इसे सुलझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भी केंद्र से मामला उठाया जाएगा, ताकि वहां पर बड़ा जहाज उतर सके और इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनाने की बात हो रही है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यह हवाई अड्डा लोगों की सहमति से बनना चाहिए और यह उपजाऊ भूमि के स्थान किसी और जगह बने, जहां कम से कम उपजाऊ भूमि लगे। उन्होंने कहा कि वहां लोगों में इसे लेकर रोष है और वे अपनी उपजाऊ भूमि नहीं देना चाहते। ऐसे में सरकार को लोगों से बात करके ही कोई कदम उठाना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उपचुनाव के दौरान भाजपा ने दुष्प्रचार किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में कई मुद्दे लेकर आई और जब सारे मुद्दे फेल हुए तो वह ओछी राजनीति पर उतर आए।
