Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता किरण धांटा ने कहा कि जब से हिमाचल में उप-चुनावों की आहट शुरू हुई है, तभी से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी घोषणाओं की झड़ी लगानी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जुमलों की सरकार है, यह कहती कुछ है और करती कुछ है। आज ज़मीनी हकीकत देखें तो लोग रसोई से लेकर पेट्रोल-डीज़ल के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग बेरोज़गार है और सरकार घोषणाओं पर घोषणाओं का खाली पिटारा खोले जा रही है। 

किरण धांटा ने कहा कि भाजपा को लोगों की याद तभी आती है जब चुनावों का दौर शुरू होता है।  अन्यथा यह कथित घोटालों में, सरकारी संस्थाओं के दुरूपयोग में, लोगों की भावनाओं और विचारों को भड़काने में और कॉर्पोरेट घराने को खुश करने में ही नज़र आती है। उन्होंने कहा कि आज ऊर्जा विभाग में, उद्यान विभाग में, पशुपालन विभाग में, जलशक्ति एवं लोकनिर्माण विभागों में चंद लोगों को बोलबाला है और उनके इशारों पर ही विभाग के अफसर काम कर रहे हैं। इससे आम जनता परेशान है और विकास के कार्य ठप पड़े हैं। इससे भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली भी उजागर हो रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार नई-नई योजनाओं को लाती है और उसी से कथित घोटालों की धरातल तैयार करती है। 

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि लोगों को धमकाना, लोगों में नफरत फैलाना और लोगों पर झूठे आरोप लगाना ही भाजपा की नियत है। उन्होंने कहा कि आज की जनता जागरूक है और वह भाजपा के जुमलों को अच्छी तरह से समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों की इस भावना को अच्छे से समझती है और जनता के इसी बल पर आज कांग्रेस पार्टी एक अच्छे विपक्ष के रूप में काम कर रही है जो निरंतर भाजपा को मनमानी करने से रोकने में कामयाब हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक नये जोश और एक नई कार्यनीति से काम कर रही जो लोगों को पसंद आ रही है। उन्होंने कहा कि आज लोग भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार बैठे हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *