सोलन। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी संजीव कटवाल ने सोलन विश्राम गृह में अनुराग ठाकुर के स्वागत की तैयारियों की समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, पवन गुप्ता, मदन शर्मा, भरत सैनी उपस्थित रहे।
भाजपा उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अनुराग ठाकुर केंद्र मंत्री बनने के बाद 19 अगस्त से 23 अगस्त तक 5 दिन के प्रवास पर पहली बार हिमाचल आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री का सिरमौर ज़िला के कार्यकर्ताओं एवं नेताओ द्वारा हिमाचल भवन चंडीगढ़ में भव्य स्वागत किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप अनुराग ठाकुर का स्वागत स्वयं हिमाचल भवन में करेंगे।
कटवाल ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का स्वागत परवाणू में करेंगे। इसके बाद अनुराग ठाकुर सोलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। उन्होंने बताया कि फूल, मालाओं, ढोल नगाड़ों एवं आतिशबाजी से केन्द्र मंत्री अनुराग ठाकुर का स्वागत किया जाएगा। जन आशीर्वाद यात्रा में अनुराग ठाकुर रथ पर आएंगे और जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता एवं कार्यकर्ताओं में अनुराग ठाकुर के स्वागत के लिए अद्भुत जोश देखने को मिला।
