शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में विस्तार करते हुए 43 नए मंत्री बनाए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार ये सभी मंत्री अपने-अपने राज्यों में जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से जनता से मिलेंगे और केंद्र व प्रदेश की नीतियों को जन जन तक पहुचाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर तरूण चुघ इस जन आशीर्वाद यात्रा के संयोजक हैं। हिमाचल प्रदेश में इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल को संयोजक, प्रदेश सचिव पायल वैद्य, कुसुम सदरेट, वीरेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुमित शर्मा को सह संयोजक बनाया गया है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह जन आशीर्वाद यात्रा 212 लोकसभा क्षेत्रों, 19 प्रदेशों, 265 जिलों से होते हुए 19567 किमी. की यात्रा तय करेगी और 1663 कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त, 2021 तक लगातार 5 दिनों तक चलेगी। 19 अगस्त, 2021 को अनुराग ठाकुर का परवाणू में भव्य स्वागत किया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में यह यात्रा चारों संसदीय क्षेत्रों से होते हुए 8 जिला, लगभग 37 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और 650 किमी. तय करेगी तथा लगभग के 90 कार्यक्रम किए जाएंगे। पहले दिन यह यात्रा शिमला संसदीय क्षेत्र से शुरू होगी, दूसरे दिन शिमला से बिलासपुर होते होते हुए मण्डी संसदीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी। तीसरे दिन मण्डी से कांगड़ा संसदीय क्षेत्र तथा चौथे दिन यह यात्रा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी और पांचवे दिन हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ही इस यात्रा का समापन होगा। इस दौरान अनुराग ठाकुर अलग-अलग जगह जनता को सम्बोधित भी करेंगे और प्रदेश के शक्तिपीठों में दर्शन भी करेंगे।
सुरेश कश्यप ने कहा कि जहां-जहां से भी यह यात्रा निकलेगी, वहां के 2017 के प्रत्याशी, पार्टी के सभी प्रदेश से मंडल यक के पदाधिकारी , स्थानीय मंत्री, विधायक, महापौर, उपमहापौर, जिला परिषदों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा चुने हुए जनप्रतिनिधि इस यात्रा के उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी इस यात्रा में उपस्थित रहेंगे।
