Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने पार्टी नेताओं के साथ प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर बैठक की। इस दौरान शुक्ला ने कहा कि आज देश भाजपा की नीतियों व निर्णयों से परेशानी में है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश को भाजपा से मुक्त करने का समय आ गया है। अच्छे दिनों का सपना दिखा कर सत्ता में आई मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह अस्त व्यस्त कर दिया है। 

राजीव शुक्ला ने कहा कि देश की विकास दर निम्न स्तर से भी नीचे है। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से लोग परेशान है। भाजपा को लोगों की नही, केवल सत्ता की चिंता रही है। इसलिए कांग्रेस को लोगों के दुःख दर्द दूर करने के लिए उनके बीच जाना होगा।

शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में मंडी संसदीय क्षेत्र के साथ साथ फतेहपुर, जुब्बल कोटखाई व अर्की विधानसभा के उप चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि यह चारों उपचुनाव कांग्रेस को जीतने हैं। उन्होंने कहा पार्टी जिसे भी चुनाव मैदान में उतारती है, उसके लिए सभी पार्टीजनों को एकजुटता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि इन उपचुनावों के बाद प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इसलिए इन उपचुनावों को किसी भी प्रकार से हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के पास धनबल है तो कांग्रेस के पास जनबल है।पार्टी को जनबल से यह चुनाव जीतने हैं।

राजीव शुक्ला ने कहा कि उन्होंने इस बारे पार्टी नेताओं के विचार जान लिए हैं और जल्द ही इस पर पार्टी आलाकमान अंतिम फैसला लेगा। शुक्ला पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह उप चुनाव होने वाले क्षेत्रों में अभी से डट जाए और प्रदेश सरकार की विफलताओं व जन विरोधी नीतियों व निर्णयों से लोगों को अवगत करवाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *