मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मानवता और संवेदनशीलता का एक और उदाहरण मंडी जिले के करसोग में देखने को मिला। जयराम ठाकुर के करसोग विधानसभा प्रवास के दौरान चिंडी विश्राम गृह में जब एक फरियादी महिला ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या से अवगत करवाया, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें तुरंत 2 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की।
मंडी जिले की करसोग तहसील के खडूहन गांव की निवासी सीमा कुमारी को मुख्यमंत्री का यह दौरा आजीवन याद रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पति एचआरटीसी में कार्यरत थे। उनके पति की मृत्यु बस हादसे में हुई थी। पति की मृत्यु के बाद उन्हें पांच बेटियों का पालन-पोषण करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और महिला की समस्या का समाधान करने के उद्देश्य से महिला को मौके पर ही दो लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री ने बार-बार यह साबित किया है कि वह आम जनता के नेता हैं। वह जनता की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर उनका निवारण करते हैं। सीमा कुमारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जय राम सरकार गरीबों तथा कमजोर वर्गों की हितैषी सरकार है। उन्होंने इस आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।
