Spread the love

शिमला। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी की लीक टूलकिट को देश की साख से खिलवाड़ करने वाली किट करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस टूलकिट से एक बार फिर कांग्रेस पार्टी की देश तोड़ने की कोशिशें बेनक़ाब हुई हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जहां एक तरफ़ देश पीएम मोदी के नेतृत्व में कोरोना को हराने में पूरी ताकत से जुटा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ़ कोरोना संकटकाल में इस महामारी को लेकर भ्रम फैलाने और मोदी सरकार को बदनाम करने की कांग्रेस की एक बड़ी साजिश बेनक़ाब हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की टूलकिट से देश को बदनाम करने की साजिश का भंडाफोड़ होने से लोग भी सकते में हैं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की टूलकिट नहीं, बल्कि ब्रेक-द-नेशन किट है, जिसका इस्तेमाल कर राजनीतिक लाभ लेने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि ख़राब करने के इनके मंसूबे खुल कर सामने आ गए हैं। 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोरोना का जो नया स्ट्रेन आया है उसे विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी भारतीय स्ट्रेन कहने से मना कर दिया है, लेकिन कांग्रेस इसे इंडियन स्ट्रेन और उससे भी आगे बढ़कर मोदी स्ट्रेन के नाम से प्रसारित करने में लगी है। यह अत्यंत दुखद है। अगर कांग्रेस की इस टूलकिट को ध्यान से देखा जाए तो तो इसमें सिलसिलेवार तरीक़े से जिन योजनाओं का उल्लेख किया गया है, हालिया घटनाक्रम को इन्होंने ऐसे ही अंजाम दिया है। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए इतनी अंधी हो चुकी है कि उन्होंने धर्म कर्म को भी अपनी साज़िश का हिस्सा बना लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के टूलकिट कुंभ को सुपर स्प्रेडर के रूप में प्रचारित करने की बात की गई है। वहीं, ईद और कुंभ की तुलना कर धर्म को बदनाम करने की कोशिश कांग्रेस ने की है। उन्होंने कहा कि टूलकिट के जरिए पीएम केयर्स फंड के वेंटिलेटर्स पर सवाल उठाने और सेंट्रल विस्टा परियोजना को मोदी के निजी घर और महल के रूप में प्रचारित करने का जिक्र किया गया है, जो कि न सिर्फ़ हास्यास्पद है, बल्कि कांग्रेस की गिरी सोच संकुचित मानसिकता काे दर्शाता है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *