कुल्लू। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा है कि कुल्लू जिले में 45 साल से ऊपर के 1 लाख 6 हजार 263 लोगों का कोरोना टीकाकरण हो चुका है। इस आयु वर्ग के 1.26 लाख लोगों का टीकाकरण होना है। इसमें से पहला डोज 90,429 लोगों को दिया जा चुका है और दूसरा डोज 15,834 लोगों को दिया गया है। वे शुक्रवार को कुल्लू अस्पताल में कोविड टीकाकरण का जायजा लेने के दौरान बोल रहे थे।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि जल्द ही जिला के भुंतर में निजी क्षेत्र में स्थापित होने वाला ऑक्सीजन प्लांट चालू हो जाएगा। इससे जिला के अस्पतालों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति में कोई कमी नहीं रहेगी। इससे पहले, गोविंद ठाकुर ने जिला अस्पताल कुल्लू में वैक्सीनेशन का जायजा लिया और स्वास्थ्य अधिकारियों से मामले पर फीडबैक भी लिया। उन्होंने वैक्सीनेशन के कार्य में जुटे स्टाफ का हौसला बढ़ाया और उनसे बातचीत की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जल्द ही कुल्लू का जिला अस्पताल जल्द ही 200 बैड क्षमता को होगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अस्पताल में इसको लेकर व्यवस्था बनाई जा रही है। 18 साल से ऊपर के लोगों के पंजीकरण पर भी उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी किए। वहीं, गोविंद ठाकुर ने भुंतर में स्थापित हो रहे ऑक्सीजन प्लांट का भी दौरा किया। इस मौके पर एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र, एमएस डॉ. नीना लाल सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

