Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस को पूर्व की भांति कोरोना की इस दूसरी लहर में लोगों की सेवा व सहायता करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि पूर्व में प्रदेश कांग्रेस के इस महामारी के दौर में सराहनीय कार्य रहे हैं और उम्मीद जताई कि इस बार भी ऐसे ही सराहनीय प्रयास होंगे।
शुक्ला ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रदेश कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोरोना वायरस की इस दूसरी लहर में देश की स्थिति बहुत ही भयानक बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तन-मन के साथ लोगों की सेवा में जुटना है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रस्तावित गांधी हैल्पलाइन शुरू करने की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस इस संकट की घड़ी में हर देशवासी के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बढ़ते संक्रमण पर अपनी पूरी नजर रखते हुए इसकी आवश्यक दवाइयों व अन्य उपकरणों की किसी भी कमी पर कड़ी नजर रखनी होगी और इसकी सूचना कांग्रेस मुख्यालय को देनी होगी, जिससे इसकी किसी भी कमी को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सके।
इससे पूर्व, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने इस बैठक में बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में गांधी हैल्प केंद्र सोमवार 26 अप्रैल से शुरू किया जा रहा है, जिसका मूल उद्देश्य कोरोना से प्रभावित सेवा, समर्पण व भाव है। इसके तहत किसी भी व्यक्ति या परिवार को जो इस संक्रमण से जूझ रहा है, उसकी हर प्रकार से मदद करना है। उन्होंने कहा कि शिमला में स्थापित किए जा रहे हेल्प डेस्क के तहत दो संसदीय क्षेत्र शिमला व मंडी लिए गए हैं, जबकि कांगड़ा डेस्क के तहत कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र शमिल किए गए हैं। इन दोनों केंद्रों में विशेषज्ञ डॉक्टर प्रभारी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिमला के राजीव भवन में यह सोमवार से विधिवत रूप से काम शुरू कर देगा। 
राठौर ने कहा कि प्रदेश में अभी तक ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं देखी गई है। इसका श्रेय उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की दूरदर्शिता को दिया, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान आईजीएमसी में एक बड़ा ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया था। राठौर ने कांग्रेस के सभी जिलाध्यक्षों से अपने-अपने जिलों में कोरोना के बढ़ते मामलों पर अपनी नजर रखने व प्रभावित लोगों को हर सम्भव सहायता देने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉकों से तालमेल रखते हुए इसकी पूरी जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को दे। बैठक में कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा, कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल, आईटी सेल के अध्यक्ष अभिषेक राणा सहित कांग्रेस के सभी संगठक जिलों के अध्यक्षों ने भाग लिया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *