शिमला। शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के तहत देईया धोताली मार्ग पर धोताली मार्ग पर एक कार के ऊपर भारी पत्थर गिरने से कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक कुपवी देईया मार्ग पर धोताली के समीप कार (एचपी-08सी-4800) के ऊपर बड़ा पत्थर गिरने के कारण कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे। इस हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय लोगों की सहायता से सिविल अस्पताल कुपवी भेजा। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों में दोनों व्यक्ति चचेरे भाई बताए गए हैं। मृतकों की पहचान सुनील गांव सनत, डाकघर भालू, तहसील कुपवी, जिला शिमला और प्रकाश गांव सनत, डाकघर भालू, तहसील कुपवी, जिला शिमला के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में दोनों मृतकों की पत्नियां सुमन और गुलाबी देवी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार ये लोग ‘देहा’ से शादी समारोह से घर को वापस आ रहे थे, लेकिन अपने घर से कुछ दूरी पर ‘धोताली’ नामक स्थान पर कार हादसे का शिकार हो गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
