शिव मंदिर (डोड़ेश्वर महादेव) ललित नगर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की
सुंदरनगर। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने बुधवार को सुंदरनगर के लालित नगर स्थित शिव मंदिर (डोडेश्वर महादेव) में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारतीय लोकतंत्र और संसदीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो गया है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक समय तक देश की सेवा करने का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं।
राकेश जम्वाल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण और राष्ट्रहित की राजनीति की जीत का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र सेवा को समर्पित किया है और उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
जम्वाल ने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर आज तक प्रधानमंत्री मोदी ने देश के गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। करोड़ों लोगों को पक्के घर, शौचालय, मुफ्त राशन, गैस कनेक्शन, स्वास्थ्य सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्होंने अंत्योदय के संकल्प को साकार किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के लिए नए अवसरों का निर्माण कर उन्होंने भारत के विकास को नई दिशा दी है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा भी अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है। आज विश्व मंच पर भारत की आवाज़ को गंभीरता से सुना जाता है और भारत वैश्विक निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, मजबूत विदेश नीति, आतंकवाद के खिलाफ कठोर रुख और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के प्रयास उनके दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना, त्याग, सेवा और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उनका अथक परिश्रम, अनुशासित जीवन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हिमाचल प्रदेश की जनता भी उनके नेतृत्व पर गर्व महसूस करती है और विकसित भारत के संकल्प में उनके साथ खड़ी है।
राकेश जम्वाल ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी ऊर्जा, दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ लंबे समय तक राष्ट्रसेवा करते रहें तथा भारत को विश्व में और अधिक गौरवशाली, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र बनाने के अपने संकल्प को साकार करें।
