Spread the love

सुरभि करोल बनीं ‘बेस्ट एग्ज़िबिटर’, गीता दत्ता ने जीते सर्वाधिक सात पुरस्कार‌

शिमला। शिमला एमेच्योर गार्डन एवं एनवायरनमेंट सोसायटी (सेजिस) द्वारा शिमला अन्तर्राष्ट्रीय ग्रीष्म महोत्सव के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह प्रदर्शनी इस वर्ष भी ग्रीष्म महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रही तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, पर्यटकों और बागवानी प्रेमियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रदर्शनी में लगभग 100 व्यक्तिगत पुष्प प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। इसके अतिरिक्त भारतीय सेना हेरिटेज, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी, सीपीडब्ल्यूडी तथा उद्यान विभाग सहित चार संस्थानों ने भी आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। उद्यान विभाग द्वारा प्रोत्साहित आठ मालियों ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें सात पुरुष तथा एक महिला माली अवंतिका शामिल थीं।

प्रदर्शनी के दौरान सजावटी पत्तेदार पौधों, बहुवर्षीय एवं कंदीय पुष्पों, कट फ्लावर, कैक्टस एवं रसीले पौधों, हैंगिंग बास्केट, ऑर्किड, बोनसाई, ताजे एवं सूखे पुष्प सज्जा, घर में निर्मित फूलदान, लघु (फेयरी) गार्डन तथा टेरारियम जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, उद्यानिकी कौशल तथा प्रकृति के प्रति अपने लगाव का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

पुष्प प्रदर्शनी की व्यक्तिगत श्रेणी में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पुरस्कार अपने नाम किए। श्रीमती गीता दत्ता ने सर्वाधिक सात पुरस्कार जीतकर विशेष पहचान बनाई, जबकि मेजर ऋतु कालरा और श्रीमती सुरभि करोल ने पांच-पांच पुरस्कार अर्जित किए। समग्र प्रदर्शन और आकर्षक प्रस्तुति के आधार पर श्रीमती सुरभि करोल को प्रतिष्ठित ‘बेस्ट एग्ज़िबिटर’ सम्मान से नवाज़ा गया। इसके अतिरिक्त श्री स्वराज ललित तथा ए.पी.एस. कोच्छर ने दो-दो पुरस्कार प्राप्त किए, जबकि श्री सतीश भल्ला को भी उनकी उत्कृष्ट पुष्प प्रविष्टियों के लिए सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में प्रदर्शित रंग-बिरंगे पुष्पों, दुर्लभ पौधों और कलात्मक पुष्प सज्जा ने दर्शकों और निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। इस आयोजन ने स्थानीय बागवानी प्रेमियों की रचनात्मकता, सौंदर्यबोध तथा प्रकृति के प्रति उनके समर्पण को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

इस वर्ष प्रदर्शनी के दौरान डिजिटल विज़िटर बुक की व्यवस्था भी की गई, जिसमें आगंतुकों ने अपने सुझाव और प्रतिक्रियाएं दर्ज कीं। कई वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं तथा बागवानी प्रेमियों ने सुझाव दिया कि सेजिस के स्टॉल पर पुष्पों और पौधों की बिक्री पुनः प्रारंभ की जानी चाहिए, ताकि लोग उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले पौधे और फूल खरीद सकें। आगंतुकों ने यह भी महसूस किया कि सीमित स्थान के कारण प्रदर्शनी में प्रदर्शित पुष्पों और पौधों की सुंदरता पूरी तरह उभरकर सामने नहीं आ सकी। उन्होंने भविष्य में अधिक विस्तृत स्थान उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

सेजिस की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा भारद्वाज ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतिभागियों, विभिन्न विभागों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों और आगंतुकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रदर्शनी की सफलता बागवानी, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति लोगों के बढ़ते लगाव का प्रमाण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और अधिक भव्य, आकर्षक तथा व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

प्रमुख विजेता

सर्वश्रेष्ठ स्टॉल (Best Booth) 

• प्रथम पुरस्कार – इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी

• द्वितीय पुरस्कार – आर्मी हेरिटेज म्यूजियम

• तृतीय पुरस्कार – सीपीडब्ल्यूडी एवं उद्यान विभाग

5 पॉट एंट्री श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – सतीश (सीपीडब्ल्यूडी)

• द्वितीय पुरस्कार – राजेन्द्र कुमार

कट फ्लावर श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – अनिल ठाकुर

• द्वितीय पुरस्कार – मस्तराम

कार्नेशन श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – लक्ष्मीदास

लिलियम श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – भुवनेश्वर कुमार

• द्वितीय पुरस्कार – ओम प्रकाश

ग्लैडियोलस श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – राजेन्द्र कुमार

गुलाब श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – केशव राम

• द्वितीय पुरस्कार – अवंतिका

एल्स्ट्रोमेरिया श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – शिशुराम

सीजनल श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – मोहन लाल

• द्वितीय पुरस्कार – अरुण कुमार

सीज़नल फ्लावर्स श्रेणी • प्रथम पुरस्कार – मोहन लाल

• द्वितीय पुरस्कार – अरुण कुमार

विशेष सम्मान • ‘बेस्ट एग्ज़िबिटर’ – सुरभि करोल

• सर्वाधिक 7 पुरस्कार – गीता दत्ता

• 5-5 पुरस्कार – मेजर ऋतु कालरा एवं श्रीमती सुरभि करोल

• 2-2 पुरस्कार – स्वराज ललित एवं ए.पी.एस. कोच्छर

• विशेष सम्मान – सतीश भल्ला

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *