शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर 4 दिसंबर 2025 को धर्मशाला के जोरावर सिंह स्टेडियम में महंगाई, बेरोजगारी, माफिया राज और जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ एक विशाल ऐतिहासिक जनआक्रोश रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केवल विरोध भर नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश में परिवर्तन की शुरुआत का साक्षी बनेगा।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में कांग्रेस सरकार झूठी गारंटियों के दम पर सत्ता में आई थी, लेकिन तीन सालों में जनता को केवल निराशा ही मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, युवाओं के साथ धोखा हुआ है और उन्हें “मित्र” नामक व्यवस्था के तहत 4000-5000 रुपये के नाममात्र मानदेय पर काम करने को मजबूर किया जा रहा है। यह युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है और इसी अन्याय के खिलाफ 4 दिसंबर को युवाओं की गूंज धर्मशाला में सुनाई देगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि 28 लाख बहनों को 1500 रुपये प्रतिमाह की जो गारंटी दी गई थी, वह पूरी तरह झूठी साबित हुई है। बिजली की 300 यूनिट फ्री देने का वादा भी छलावा निकला और उल्टा बिजली दरें बढ़ा दी गईं। महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा के विपरीत, सरकार ने 50 प्रतिशत किराया छूट तक समाप्त कर दी। साथ ही पानी, राशन और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया गया। टैक्स पर टैक्स लगाकर लोगों की कमर तोड़ दी गई है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह धराशायी हो चुकी है। आए दिन हत्या, बलात्कार, डकैती, नशा तस्करी और चिट्टे की घटनाएं प्रदेश की शांति को खतरे में डाल रही हैं। खनन माफिया पहाड़ों को छलनी कर रहे हैं और नशा माफिया युवाओं का भविष्य छीन रहा है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। “माफिया राज” को संरक्षण मिल रहा है और जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने केवल झूठे आश्वासन दिए, विकास कार्य ठप पड़े हैं, कर्ज बढ़ता जा रहा है और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरस रही है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और लोगों का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि 4 दिसंबर को युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और हजारों भाजपा कार्यकर्ता धर्मशाला में एकत्रित होकर इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे। जोरावर सिंह स्टेडियम जनता के आक्रोश और परिवर्तन की शुरूआत का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी शक्ति और संगठनात्मक मजबूती के साथ इस प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं और यह रैली प्रदेश की राजनीति की दिशा बदलने वाली सिद्ध होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और 4 दिसंबर को धर्मशाला में उठने वाली आवाज हिमाचल की नई राजनीति की नींव रखेगी।
