Spread the love

बागवानी मंत्री ने एच.पी. शिवा परियोजना की प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की

धर्मशाला। बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि एच.पी. शिवा परियोजना प्रदेश के बागवानी क्षेत्र के लिए गेम चेंजर साबित होगी। सरकार का लक्ष्य किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उनकी उत्पादन क्षमता को कई गुना बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे गत दिन यहां एच.पी. शिवा परियोजना की प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। बैठक में परियोजना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। वहीं, बैठक में बागवानी मंत्री द्वारा सिंचाई योजनाओं, ड्रिप इरिगेशन, फील्ड प्रिपरेशन और सोलर फेंसिंग के सभी कार्यों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया।

बैठक में बागवानी मंत्री ने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी विभाग और ठेकेदार पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि फील्ड में काम कर रही टीमें नियमित मॉनिटरिंग करें, किसानों से संवाद बढ़ाएं और सुनिश्चित करें कि परियोजना से मिलने वाले लाभ सीधे कृषकों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि

राज्य सरकार बागवानी क्षेत्र के आधुनिकीकरण को तेज़ गति से आगे बढ़ा रही है। एच.पी. शिवा परियोजना इसके केंद्र में है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हर कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत 142 सिंचाई योजनाएं चल रही हैं, जिनमें से 123 योजनाओं को दिसंबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

बागवानी मंत्री ने निर्देश दिए कि सोलर फेंसिंग, ड्रिप इरिगेशन एवं फील्ड प्रिपरेशन के लंबित कार्यों को भी 31 दिसंबर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। यदि कोई भी ठेकेदार निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा पेनल्टी क्लॉज लागू किया जाए।

परियोजना निदेशक डॉ. देवेंद्र ठाकुर ने जानकारी दी कि एच.पी. शिवा परियोजना के तहत कुल 6000 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करने का लक्ष्य है।

वर्तमान में 4000 हेक्टेयर क्षेत्र में कार्य प्रगति पर है। वर्तमान चरण में लगभग 3200 हेक्टेयर क्षेत्र को 31 दिसंबर 2025 से पहले कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में सी. पॉल रासु सचिव, विनय सिंह निदेशक उद्यान विभाग, अंजू शर्मा इंजीनियर-इन-चीफ जल शक्ति विभाग, डॉ. देवेंद्र ठाकुर परियोजना निदेशक एच.पी. शिवा, दीपक गर्ग मुख्य अभियंता जल शक्ति, विशाल जसवाल उप परियोजना निदेशक एच.पी. शिवा सहित प्रदेश के 7 जिलों से उद्यान एवं जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed