Spread the love

मंडी। कृषि विधेयकों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले में हुंकार भरी। छोटी काशी मंडी में आयोजित किसान सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान जयराम सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। यही नहीं, विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने यहां 2022 में फिर से सत्ता में वापसी के साथ-साथ जनवरी माह में होने वाले पंचायत चुनावों में जीत दर्ज करने का संकल्प भी लिया। 
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला ने केंद्र सरकार के कृषि बिल को किसानों के लिए काला बिल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बिल को मात्र पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए लागू किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बिल में मात्र दो चीजों को जोड़ने का आग्रह किया था, जिनमें पहला न्यूनतम बिक्री मूल्य व दूसरा मंडियों को समाप्त ना कर हर पंचायत या दो-तीन गांवों में मंडियों का विस्तार था। ये दोनों ही बातें किसानों के हितों में थीं, लेकिन देश की भाजपा सरकार ने किसी की नहीं सुनी और इस काले कानून को लागू कर दिया। राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ उनकी हर समस्या में साथ खड़ी है। कांग्रेस के बड़े नेता किसान आंदोलनों के दौरान पुलिस की लाठियां खा रहे हैं व जेल भी जा रहे हैं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो इस बिल को हटा कर किसानों, बागवानों के साथ सब्जियों के भी न्यूनतम बिक्री मुल्य तय किए जाएंगे, ताकि किसानों को लाभ हो।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसान विरोधी बिल पास कर किसानों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि इसका कांग्रेस हर स्तर पर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि बिल पास होने के बाद सेब के दाम भी धड़ाम से गिर गए और जो दाम तीन हजार रूपए प्रति पेटी चल रहा था वह सीधे 1500 रूपए तक जा गिरा। वहीं, मक्की के दाम भी 1800 रूपए प्रति क्विंटल एमएसपी होने के बावजूद 800 रूपए प्रति क्विंटल बिकी।

उधर, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने सम्मेलन में प्रदेश की जयराम सरकार पर अटल टनल का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टनल के पास शिलान्यास और लोकार्पण दोनों की पट्टिकाएं समानांतर ना लगाने पर भी कड़ा एतराज जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चुनौती दी कि वे मंडी में बड़ा हवाई अड्डा बना कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि दूसरे के कार्य का लोकार्पण करने मात्र से उसका पूरा श्रेय किसी एक को नहीं जाता। अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन में कांग्रेस के योगदान को पूरी तरह दरकिनार किया। पूरा देश जानता है कि इस टनल के लिए 1500 करोड़ का प्रावधान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किया था। टनल का शिलान्यास 2010 में कांग्रेस अध्यक्ष और तत्कालीन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार परिषद की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उनके नाम की शिलान्यास पट्टिका ही गायब कर दी। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ-साथ विधायक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *