Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला जिला के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर में 124 करोड़ रुपए की 30 विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रामपुर के विभिन्न क्षेत्रों के लिए कई घोषणाएं भी की। 

गोविन्द बल्लभ पंत राजकीय डिग्री कॉलेज रामपुर मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शिंगला में संस्कृत महाविद्यालय, नीरथ में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड का उपमंडल, खोलीघाट में पुलिस पोस्ट, ज्यूरी और थैली चकटी में उप-तहसील, सराहन में बस स्टैंड और ज्यूरी में फायर पोस्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने सीआरएफ के तहत 108 करोड़ रुपए की लागत से बन रही टिक्कर खमाडी सड़क के रख-रखाव के लिए 10 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने बरांदली खड्ड-सुनगरी सड़क का निर्माण और रख-रखाव प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-2 के तहत करने की भी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के तीन पशु औषधालयों को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने, एक प्राथमिक पाठशाला को माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने व प्राथमिक पाठशाला रामपुर को मॉडल स्कूल करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि झाकड़ी से कहरकहान गौरा सड़क के मैटलिंग कार्य पर नाबार्ड के तहत 5.85 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि रामपुर क्षेत्र उनके अपने सराज क्षेत्र के समान है और सरकार द्वारा विकास के मामले में इसे प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। उन्होंने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों से भाजपा को एक बार प्रतिनिधित्व का अवसर प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि वे विकास में अन्तर को महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि कांग्रेस द्वारा प्रतिनिधित्व करने के बावजूद क्षेत्र की कई पंचायतें और गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि यद्यपि यह क्षेत्र प्रदेश के सबसे बड़े नेता से जुड़ा हुआ है, परन्तु इस क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस बात पर विचार करना चाहिए कि वे कब तक स्वयं को एक परिवार से जोड़ कर रखेंगे और विकास के मामले में पिछड़े रहेंगे। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि सदी की सबसे बड़ी महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र को सुरक्षित रखा और लोगों का भी सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने संकट की इस घड़ी में प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। इस महामारी के प्रबन्धन में प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों और कोविड की पहली और दूसरी खुराक का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने में पहला स्थान प्राप्त करने पर प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश की सराहना की गई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने प्रदेश के दौरे के दौरान शिमला से राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया और वर्चुअल माध्यम से देश के 17 लाख से अधिक लोग इस कार्यक्रम के साक्षी बने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों के साथ सीधा सम्पर्क स्थापित करने से स्वयं को रोक नहीं पाए और उन्होंने मालरोड पर पदयात्रा भी की। यह प्रदेश के लोगों के प्रति उनके अपार स्नेह को दर्शाता है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के प्रधानमंत्री केवल शिमला के वातावरण का आनन्द लेने के लिए ही प्रदेश की यात्रा करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और उनके उत्थान पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस वर्ष के जुलाई माह से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान करने और घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट निःशुल्क बिजली प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क पेयजल उपलब्ध करवाने का भी निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार ने विभिन्न पैरा कार्यकर्ताओं के मानदेय में भी रिकॉर्ड वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रदेश में हो रहे विकास को पचा नहीं पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के स्वयं सहायता समूहों के लिए 25 हजार रुपए के रिवॉल्विंग फंड का प्रावधान किया है। उन्होंने विकास के मुद्दों पर इस ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं की सक्रियता के लिए उनकी सराहना की।  

शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं साधारण परिवेश से होने के कारण आम आदमी की विकासात्मक आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गत साढ़े चार वर्षो के दौरान शुरू की गई अनेक कल्याणकारी योजनाएं क्षेत्र की विकासात्मक मांगों के प्रति उनकी चिंता को दर्शाती हैं।

हिमकोफेड के अध्यक्ष कौल नेगी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विकासात्मक मांगों को हमेशा ही प्राथमिकता देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का वर्तमान कार्यकाल रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है और इस दौरान क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों पर क्षेत्र के लोगों को पूर्ण विश्वास है और वे आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को पूर्ण समर्थन देंगे।

चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा, आनी के विधायक किशोरी लाल सागर, हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के अध्यक्ष संजीव कटवाल, राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी, पूर्व मंत्री सिंघी राम, महासू संगठन जिला भाजपा अध्यक्ष अजय श्याम, भाजपा मंडल अध्यक्ष भीम सेन ठाकुर, भाजपा नेता बृजलाल, केवल राम बुशैहरी, उपायुक्त आदित्य नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *