Spread the love

शिमला।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने दावा किया है कि पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में प्रदेश में भाजपा को भारी जन समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 1228 पंचायतों में चुनाव हुआ, जिसमें से 904 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रधान चुनकर आए हैं। इसी प्रकार 895 सीटों पर भाजपा समर्थित उप प्रधान जीत कर आए।उन्होंने बताया कि 73.61 फीसदी सीटों पर भाजपा समर्थित प्रधान व 72.88 फीसदी सीटों पर भाजपा समर्थित उप प्रधानों ने जीत दर्ज कर जीत का परचम लहराया। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि पंचायतीराज चुनावों के प्रथम चरण में भारतीय जनता पार्टी ने 12 प्रशासनिक एवं 17 संगठनात्मक जिलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया।

भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि हमीरपुर जिले में भाजपा के 81.01 फीसदी प्रधान और 87 प्रतिशत उप प्रधान जीत कर आए। इसी प्रकार चंबा में 77 फीसदी, नूरपुर में 68.42 फीसदी, जिला देहरा में 73.21 फीसदी, पालमपुर में 74.51 फीसदी, कांगड़ा में 75.44 फीसदी, कुल्लू में 58.75 फीसदी, सुंदरनगर में 61.96 फीसदी, मंडी में 74.49 फीसदी, ऊना में 74.02 फीसदी, बिलासपुर में 65 फीसदी, शिमला में 67.12 फीसदी, महासू में 58.45 फीसदी और किन्नौर में 67.12 फीसदी प्रधानों की सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का कब्जा रहा है।‌उन्होंने कहा कि सिराज में 26 पंचायतों में चुनाव हुआ, जिसमें से भाजपा ने प्रधान की 24 सीटें जीती और उप-प्रधान की 21 सीटें जीती। हमीरपुर में 14 पंचायतों में चुनाव हुआ, जिसमें 14 प्रधान व 13 उप प्रधान की सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा।

सुरेश कश्यप ने कहा कि अर्की क्षेत्र में 24 पंचायतों में चुनाव हुआ, जिसमें से भाजपा समर्थित 19 प्रधान और 17 उप प्रधानों ने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि इन पंचायतों के चुनावों में अभी तक जनता ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की स्वच्छ व ईमानदार छवि तथा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं पर मुहर लगाई है। वर्तमान परिणामों से साफ जाहिर होता है कि 2022 में भाजपा मिशन रिपीट में अवश्य सफल होगी। उन्होनें आशा व्यक्त की कि अगले दो चरणों 19 व 21 जनवरी तथा 23 जनवरी को बीडीसी व जिला परिषद के चुनाव परिणामों में भी अधिकतर भाजपा समर्थित प्रत्याशी ही जीतकर आएंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतों के इन चुनाव में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी अपनी पंचायत नहीं बचा पा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने सभी चुने हुए प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि हिमाचल के विकास में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका एवं योगदान रहेगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *