शिमला। हिमाचल में शनिवार को कोरोना वायरस के चलते तीन मरीजों की मौत हो गई। ये मौतें शिमला और कांगड़ा जिलों में हुई है। शिमला जिले में दो और कांगड़ा जिले में एक मरीज ने इस संक्रमण के चलते दम तोड़ा है। शिमला जिले में 69 वर्षीय व्यक्ति और 58 वर्षीय महिला की इस संक्रमण से मौत हुई है। वहीं, कांगड़ा जिले में 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। इस प्रकार प्रदेश में कोरोना वायरस से अब तक 946 मरीजों की मौत हो चुकी है।
उधर, प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस के 84 मामले पाजिटिव आए हैं। इनमें से कांगड़ा जिले में 24, सिरमौर में 22, सोलन में 10, शिमला में 9, मंडी में 7, हमीरपुर में 6, चंबा में 3, ऊना में 2 और कुल्लू जिले में एक मामला पाजिटिव आया है। इस प्रकार प्रदेश में अब कुल 56366 मामले पाजिटिव आ चुके हैं। इनमें से अब तक 54284 मरीज ठीक हो चुके हैं। शनिवार को 175 मरीज स्वस्थ हुए हैं और राज्य में अब कोरोना वायरस के 1088 एक्टिव केस हैं।
