शिमला। इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला की हिमाद्री ने जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता में लड़कियों के अंडर-11 वर्ग का खिताब अपने नाम किया। मंगलवार को शुरू हुई प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हिमाद्री ने वैदेही को 3-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में हिमाद्री ने आव्या ठाकुर को 3-1 से पराजित किया, जबकि वैदेही ने वराण्य को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हिमाद्री ने वैरवी आनंद को 3-0, आव्या ठाकुर ने क्षितिजा को 3-0 और वराण्य ने रव्या चौहान को 3-0 से हराया।
लड़कों के अंडर-11 वर्ग में सार्थक फाइनल में
लड़कों के अंडर-11 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में सार्थक आनंद ने पृथ्वेश नंदा को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सार्थक आनंद ने दक्ष ठाकुर को 3-0, पृथ्वेश नंदा ने कविश मैहता को 3-1, आयांश ने शास्वत को 3-1 और आगमवीर ने रियान को 3-1 से हराया।
इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में आयोजित की जा रही जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता का समापन बुधवार को होगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव अभय लखनपाल सहित अकलेश सैणी, सुदीप महाजन, जसवंत गांगटा और सोमनाथ प्रामनिक उपस्थित रहे।
