शिमला। प्रदेश में बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदेश महिला कांग्रेस ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से डीसी कार्यालय तक जोरदार नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने किया। महिलाओं ने आलू, प्याज की मालाएं गले में डालकर सरकार विरोधी नारेबाजी की।
इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने बढ़ती महंगाई के लिए सरकार को कोसते हुए कहा कि इसकी गलत नीतियों के चलते आज देश को बहुत बुरा दौर देखना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अपना खजाना भरने में लगी है। उन्होंने कहा कि आज गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का जीना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ आलू, प्याज, दालों व आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, तो दूसरी तरफ सरकार बिजली, पानी व अन्य करों के बोझ से लोगों को दबा रही है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के चलते सरकार ने प्रदेश के लोगों को कोई भी राहत नहीं दी।
जैनब चंदेल ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आम आदमी के लिए इनकी संवेदना खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार जमाखोरी को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का किसी भी चीज़ पर कोई नियंत्रण नहीं है। सब कुछ राम भरोसे चल रहा है। प्रदर्शन के बाद बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने डीसी के माध्यम से सरकार को एक ज्ञापन भी दिया। इस प्रदर्शन में शांता राजटा, शशि ठाकुर,कविता कंवर, विनीता वर्मा, ऊषा मेहता, पुष्पा शोभटा, सरिता चंदेल, विमला ठाकुर, सत्या वर्मा, राकेश रानी, उर्मिला नागु, रेणु बज्वाड़िया, अनु मराठा, ऊषा तोमर, गोदावरी चंदेल, पूनम ठाकुर, कौंरा वर्मा, कंचन, नीलम ठाकुर, पूनम ठाकुर, निर्मला वर्मा, मीरा, राज कंवल, शारदा ठाकुर, शारदा शर्मा, उमा मुदलियार, कृष्णा, सीमा कौशल, बबली सहोत समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं।
