शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा से केंद्र की मोदी सरकार से प्रदेश की बंद की गई आरडीजी बहाली के सच्चे मन से प्रयास करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार सहित प्रदेश भाजपा का भी आभार व्यक्त करेगी।
विनय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिस प्रकार से किशाऊ बांध परियोजना में प्रदेशहितों का सरंक्षण किया है, यह प्रदेश के लिये कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि साबित होगी। इसके लिए भाजपा को प्रदेश की कांग्रेस सरकार, विशेष तौर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को बधाई देनी चाहिए।
विनय कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वह प्रदेश के लोगों को गुमराह नही कर सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकाल में इस परियोजना को लेकर कुछ नहीं किया। अब अपनी असफलता को छुपाने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करने की बात कह रहे हैं।
विनय कुमार ने जयराम ठाकुर से कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके द्वारा घोषित आपदा राहत के 1500 करोड़ रुपये जारी करवाते हैं तो कांग्रेस इसका भी आभार व्यक्त करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार प्रदेश के हितों की अनदेखी कर प्रदेश के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों के नेशनल पेंशन सिस्टम, एनपीएस के तहत जमा लगभग 9,280 करोड़ रुपए जो अटके पड़े हैं, उसे केंद्र सरकार प्रदेश को जारी करें।
