Spread the love

संगठन में कर्मठ कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता, निष्क्रिय पदाधिकारियों की होगी समीक्षा 

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने प्रदेश के सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे 5 जुलाई तक अथवा उससे पहले अपनी-अपनी पूर्ण कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणियों के गठन में सभी वर्गों, क्षेत्रों और समाज के विभिन्न तबकों को संतुलित एवं उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए, साथ ही पार्टी के समर्पित, कर्मठ और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता प्रदान की जाए। 

विनोद ज़िंटा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ब्लॉक स्तर के साथ-साथ ज़ोन और पंचायत स्तर पर भी संगठन को सशक्त बनाने के लिए पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूती मिल सके। उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटियों को भी अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों से संगठन के कामकाज तथा वर्तमान पदाधिकारियों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। इन रिपोर्टों के आधार पर सभी पदाधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा।

ज़िंटा ने स्पष्ट किया कि जो पदाधिकारी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय नहीं पाए जाएंगे, उनकी जगह पार्टी के मेहनती और क्रियाशील कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की स्पष्ट मंशा है कि संगठन में ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाए जो पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अनुशासन बनाए रखने की भी नसीहत देते हुए कहा कि संगठन में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विनोद ज़िंटा ने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आएंगी। इस दौरान वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी तथा संगठन की गतिविधियों, कार्यप्रणाली और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। रजनी पाटिल के दौरे को प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *