Spread the love

जिला प्रशासन और पुलिस ने किया मिनी मैराथन का आयोजन 

हमीरपुर। मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस तथा नशा निवारण सप्ताह के उपलक्ष्य पर जिला प्रशासन एवं पुलिस ने वीरवार को हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क से पक्का भरो चौक तक मिनी मैराथन दौड़ आयोजित की।

 इस मिनी मैराथन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग, एसी टू डीसी चिराग शर्मा, सीएमओ डॉ. अजय अत्री, डीएफओ अंकित सिंह, जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा, डीएसपी नितिन चौहान, एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा, कई अन्य अधिकारियों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी बच्चों, युवाओं और अन्य धावकों संग दौड़ लगाई।

महिलाओं और पुरुषों के दो अलग-अलग आयु वर्गों में करवाई गई इस मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाने से पहले उपायुक्त ने सभी लोगों को नशे का विरोध करने की शपथ दिलाई। एसपी ने भी बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। मिनी मैराथन की समाप्ति पर पक्का भरो चौक पर विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए गए।

 लड़कियों के अंडर-16 वर्ग में हाई स्कूल चौकी जमवालां की कामिनी पहले, हिम अकादमी स्कूल की प्रियांशी वशिष्ठ दूसरे, चौकी जमवालां की धनेश्वरी तीसरे, इसी स्कूल की शबनम चौथे और मनीता पांचवें स्थान पर रहीं। अंडर-16 ब्वायज में हिम अकादमी के रकुल प्रथम, सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर के पंकज खरयाल द्वितीय, सिल्वर बैल्स स्कूल के अर्पित तृतीय, न्यू गुरुकुल के कौशल ठाकुर चतुर्थ और नक्ष चौहान पंचम स्थान पर रहे।

16 वर्ष से अधिक के आयु वर्ग में डिग्री कालेज की राशि पहले, इसी कालेज की सुहानी दूसरे, धलोट की शिवाली तीसरे, डिग्री कालेज की ऋचा चौथे और कुठेड़ा स्कूल की शाइन पांचवें स्थान पर रही। जबकि, पुरुषों के वर्ग में रोहड़ू के आर्यन पहले, ताल क्षेत्र के गांव पट्टियां के आदित्य दूसरे, गांव ककरू के नवीन तीसरे, कुठेड़ा क्षेत्र के गांव उबक के अतुल चौथे और गांव अवाह देवी के दीपक पांचवें स्थान पर रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *