Spread the love

बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने सुनील शर्मा बिट्टू की उपस्थिति में संभाला कार्यभार

हमीरपुर। शिमला से हमीरपुर स्थानांतरित किए गए राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय का संचालन सोमवार से यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर के बचत भवन में विधिवत रूप से आरंभ हो गया। बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने सोमवार को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में इस नए कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया। 

हमीरपुर में बोर्ड के कार्यालय की स्थापना के लिए नरेश ठाकुर को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ एक बहुत बड़ा अभियान शुरू किया है। इस अभियान को गति प्रदान करने में बोर्ड का यह कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि नरेश ठाकुर ने विद्यार्थी जीवन से ही विभिन्न संगठनों में कई बड़ी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है और राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार के रूप में भी वह सरकार, प्रशासन, मीडिया और आम लोगों के सहयोग से नशा विरोधी मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर नरेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमीरपुर में राज्य नशा निवारण बोर्ड के कार्यालय की स्थापना प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नशे के विरुद्ध एक बहुत बड़ी जंग शुरू की है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बोर्ड इस अभियान को एक जन आंदोलन का रूप देगा। नरेश ठाकुर ने सभी लोगों, विशेषकर युवाओं से नशा विरोधी अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की। 

कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, एचपीएमसी के बीओडी मैंबर राजेश ठाकुर, कौशल विकास निगम की जिला समन्वयक निशा कटोच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, शहनशाह, राजेश चौधरी, मनोज शर्मा, एडवोकेट भाटिया और कई अन्य कांग्रेसी नेता भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *