Spread the love

कहा – प्रदेश में 100 नए सीबीएसई स्कूल, छात्रों को मिलेंगे आधुनिक अवसर 

मंडी। प्रदेश सरकार ने शिक्षा को विकास की धुरी मानते हुए व्यापक सुधार लागू किए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से सामने आ रहे हैं। विधायक चन्द्रशेखर ने यह बात शनिवार को शहीद कैप्टन दीपक गुलेरिया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, चोलथरा व राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मण्डप में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में कही। 

चंद्रशेखर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य में 100 नए सीबीएसई पैटर्न के विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहली कक्षा से अंग्रेज़ी माध्यम लागू करना और सीबीएसई स्कूलों की स्थापना सरकार की दूरदर्शी शिक्षा नीति का हिस्सा है। इन प्रयासों के चलते हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से 5वें स्थान तक पहुंचने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि पहली से जमा दो तक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अलग स्कूल शिक्षा निदेशालय गठित किया गया है, जिससे नीति निर्माण और क्रियान्वयन में तेजी आई है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य शहीद दीपक गुलेरिया व मा.पा चोलथरा कमलेश ठाकुर व  रा व मा पा मण्डप अनिल कुमार स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष जयपाल, प्रधान संजय ठाकुर, सलोचना देवी, लच्छीधर शर्मा, बालम राम, कुलदीप सिंह, सुनील ठाकुर,ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और आधारभूत ढांचे के विकास की जानकारी दी। एसएमसी प्रधान रक्षा देवी की उपस्थिति में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।

विधायक चन्द्रशेखर ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है।

इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय परिसर में सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा बास्केटबॉल कोर्ट की दिशा बदलने के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों का मनोबल और अधिक बढ़ा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *