कांग्रेस ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान के तहत चलाया था हस्ताक्षर अभियान
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से हस्ताक्षरों के दस्तावेजों को भेजा पार्टी मुख्यालय दिल्ली
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ खड़ी है और भाजपा के लोकतंत्र व संविधान को कमजोर करने के खिलाफ प्रदेश में चला हस्ताक्षर अभियान बहुत ही सफल रहा है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान का एक लाख का जो लक्ष्य प्रदेश कांग्रेस को दिया था, उस लक्ष्य को पार करते हुए एक लाख 43 हजार हस्ताक्षर एआईसीसी को भेजे गए हैं। अब केंद्रीय आलाकमान देशभर में चले कांग्रेस के इस अभियान के हस्ताक्षर देश के राष्ट्रपति को देंगे।
शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने हरी झंडी दिखाकर हस्ताक्षरों के दस्तावेज के एक विशेष वाहन को राजीव भवन से एआईसीसी नई दिल्ली के लिये रवाना किया।
इस दौरान प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान में प्रदेश कांग्रेस ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया है। इसके लिए वह कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं व प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त करती हैं।
लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन कर रही है भाजपा – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि देश में भाजपा लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन कर रही हैं। कांग्रेस देश के संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिये प्रतिबद्ध है। सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने देश में चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास किया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के सामने जो वोट चोरी के प्रमाण रखे हैं वह बहुत ही ठोस हैं और इसकी तुरंत जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान बहुत ही सफल रहा है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा कई गुटों में बंटी हई है और सभी गुट अपने-अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के हितों के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने भाजपा के पांच पांडवों के कथन पर कहा कि पांडवों ने अपने अधिकार व न्याय के लिये लड़ाई लड़ी थी, जबकि प्रदेश में भाजपा नेता अपने-अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी के मामले तथ्यों के साथ देश के सामने रखे – विक्रमादित्य सिंह
उधर, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी के मामले तथ्यों के साथ देश के सामने रखे हैं। चुनाव आयोग को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग का बचाव करने में जुटी है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राहुल गांधी एक कांग्रेस पार्टी के ही नेता नहीं है वह देश में नेता प्रतिपक्ष और बहुत बड़ी जिम्मेदारी के पद पर बैठे हैं। ऐसे में उनकी किसी भी बात को नजरअंदाज नही किया जा सकता। हरियाणा विधानसभा चुनावों के बारे में जो तथ्य राहुल गांधी ने देश के सामने रखे हैं, उनकी चुनाव आयोग को पूरी निष्पक्षता से जांच करनी चाहिए।
देश में वोट चोरी का मामला बहुत ही संगीन अपराध – कुलदीप राठौर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश में वोट चोरी का मामला बहुत ही संगीन अपराध है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे तथ्यों के साथ हरियाणा विधानसभा चुनावों में वोट चोरी के प्रमाण देश के सामने रखे हैं। चुनाव आयोग निष्पक्ष ढंग से इसका कोई भी जवाब नहीं दे रहा है। इससे साफ है कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग को इस पर तुरंत कार्रवाई कर अपनी गिरती साख को बचाना चाहिए।
इस दौरान शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, शिमला नगर निगम के पार्षदगण, पूर्व पार्षद, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक हरिकृष्ण हिमराल के अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई व पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
