Spread the love

शिमला। बिहार विधानसभा के चुनावों की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को शिमला पहुंचे। वे दिल्ली से चंडीगढ़ और फिर दोपहर के वक्त शिमला पहुंचे। शिमला के अनाडेल हेलीपैड पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने स्वागत किया। 

राहुल गांधी मंगलवार सुबह आत्महत्या करने वाले हरियाणा कैडर के आइपीएस अधिकारी के स्वजनों से मिलने चंडीगढ़ पहुंचे थे। इसके बाद वह वहां से हेलीकॉप्टर से शिमला के अनाडेल मैदान पहुंचे। अनाडेल मैदान से राहुल गांधी सड़क मार्ग से छराबड़ा के लिए रवाना हुए। छराबड़ा में वह अपनी बहन व कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर ही रुकेंगे। आजकल पूरा गांधी परिवार शिमला आया है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा बीते शनिवार को ही शिमला आ गई थी। सभी प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर ही रुके हुए हैं। वहीं, राहुल गांधी बिहार चुनावों में व्यस्त हैं। वहां की व्यस्तता से‌ समय‌ निकालते हुए राहुल गांधी यहां पहुंचे हैं। राहुल की आने वाले दिनों में बिहार विधान‌सभा चुनाव में कई चुनावी रैलियां होनी है। 

बिहार चुनाव व देश की राजनीति पर राहुल गांधी शिमला से ही नजर रखेंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा का भी शिमला आने का कार्यक्रम है। राजधानी शिमला से करीब 13 किमी. दूर छराबड़ा में प्रियंका गांधी वाड्रा का घर है।

सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने गत‌ दिन यहां स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण के कार्यक्रम में शिरकत कर प्रतिमा का अनावरण किया था। 

इस दौरान आयोजित जनसभा में भी प्रियंका गांधी ने कहा था कि यहां केवल उनका घर नहीं है। हिमाचल से उनका खास प्रेम है, यहां के पहाड़ और नदियों को वह पसंद करती हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता से आग्रह किया था कि हिमाचल की वादियों व पेड़ों को बचाना है। ये हमारी अमानत है। शिमला से लगभग 13 किलोमीटर दूर छराबड़ा में प्रियंका वाड्रा का घर पहाड़ी शैली में बना हुआ है। प्रियंका वाड्रा अपने परिवार के साथ अकसर छुट्टियां मनाने यहां आती है। सोनिया गांधी व राहुल गांधी भी यहां आते रहते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *