सोलन। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा ने स्पेशल ओलंपिक्स एवं रोशनी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को यहां दिव्यांगजन एवं विशिष्ट व्यक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्पेशल ओलंपिक्स भारत की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा रहीं, जबकि समारोह की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मल्लिका नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकलांगता की परिभाषा बदलते हुए दिव्यांगजनों को ‘दिव्य शक्ति से परिपूर्ण व्यक्ति’ के रूप में देखने की नई सोच दी है। यह केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण का मार्ग भी है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 5 प्रतिशत आबादी दिव्यांगजन हैं, जिनकी संख्या देश में करीब 7 करोड़ रुपए और हिमाचल प्रदेश में 3.50 लाख रुपए है।
डॉ. नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार दिव्यांगजनों को समान अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री मोदी ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम लागू किया जिसके अंतर्गत 21 प्रकार की दिव्यांगताओं को शामिल किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि अब शैक्षणिक संस्थानों में दिव्यांग छात्रों के लिए आरक्षण 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है, वहीं सरकारी नौकरियों में यह आरक्षण 3 प्रकिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा दिव्यांग बच्चों को 18 वर्ष तक निशुल्क शिक्षा का प्रावधान है और 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों के लिए पेंशन सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा स्पेशल ओलंपिक्स भारत के दिव्यांग एथलीटों को सम्मानित करने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता को 20 लाख, रजत पदक विजेता को 14 लाख और कांस्य पदक विजेता को 8 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है।
डॉ. नड्डा ने महिला मोर्चा और युवा मोर्चा से भी आह्वान किया कि वे समाज को जागरूक करने और दिव्यांगजनों के शोषण को रोकने में बड़ी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए 27 दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया। बिलासपुर से दीपक (स्कीइंग गोल्ड), शिव और शालिनी, ऊना से अंचल, कुल्लू से गिरधन (सिंकिंग गोल्ड), सोलन से अभिशेष, रिया, अविनाश, भाविक, अमन रघुवंशी एवं प्रवण, कांगड़ा से आकृति, अरविंद, डिम्पल, रोहित, अनु और निखिल तथा शिमला से हर्षिता एवं अक्षय नेगी को विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ‘सक्षम भारत, समृद्ध भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के संकल्प को दोहराया गया।
