Spread the love

शिमला। हिमाचल में रविवार को कोरोना संक्रमण के चलते दो लोगों की मौत हो गई। ये मौतें शिमला और हमीरपुर जिले में हुई हैं। शिमला में 73 वर्षीय बुजुर्ग की इस संक्रमण के चलते मौत हुई है, जबकि हमीरपुर जिले में 74 वर्षीय बुजुर्ग का देहांत हुआ है। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण से अब तक 245 लोगों की मौत हो चुकी है। 

उधर, प्रदेश में रविवार को कोरोना संक्रमण के 164 नए मामले पाजीटिव आए हैं। इनमें कांगड़ा जिले में 44 नए मामले पाजीटिव आए हैं। वहीं, सोलन जिले में 26, शिमला और सिरमौर जिलों में 19-19, मंडी और हमीरपुर में 13-13, कुल्लू जिले में 10, बिलासपुर जिले में 9, ऊना में 8 और चंबा जिले में 3 मामले कोरोना पाजीटिव आए हैं। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 17408 पहुंच गया है। राज्य में अब तक इस संक्रमण से 14451 मरीज ठीक हो चुके हैं और रविवार को ही 190 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के 2687 एक्टिव केस हैं। कांगड़ा जिले में कोरोना वायरस के 44 मामले पॉजीटिव आए हैं। पीटीसी डरोह में 19 पुलिस प्रशिक्षु जवान और पुलिस कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, संक्रमितों के संपर्क में आने से धर्मशाला जेल में तीन महिला कैदी भी कोरोना पॉजीटिव पाई गई हैं। 

सिरमौर जिले में रविवार को 19 नए मामले पॉजिटिव आए। पांवटा साहिब में 12 और नाहन उपमंडल में 7 लोग संक्रमित पाए गए हैं। यूको बैंक नाहन से जुड़े तीन लोगों के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जबकि पांवटा साहिब में तीन एंबुलेंस कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। इस बीच, शिमला शहरी भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शारदा और उनकी पत्नी कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। वहीं, शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह भी कोरोना पॉजीटिव हैं। वह होम आइसोलेट हुए हैं। आईजीएमसी के मेडिसिन विभाग में कार्यरत महिला कर्मी, रेडियोलॉजी विभाग के कर्मी के अलावा केएनएच, पंथाघाटी व आसपास के क्षेत्रों से 9 मामले पॉजिटिव आए हैं। 
उधर, हमीरपुर जिला में रविवार को 13 लोग कोरोना पाॅजीटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अर्चना सोनी ने बताया कि पाॅजीटिव पाए गए लोगों में भोरंज के गांव धमरोल का 40 वर्षीय और 45 वर्षीय व्यक्ति, गांव लदरौर कलां का 32 वर्षीय व्यक्ति और 19 वर्षीय युवक, गांव मुंडखर का 38 वर्षीय व्यक्ति और सुजानपुर के वार्ड नंबर 8 की 47 वर्षीय महिला शामिल है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *