रोहड़ू। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जांगला में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य परम देव शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण करने से हुआ। इसके उपरांत एन.सी.सी. अधिकारी करण चौहान के निर्देशन में एन.सी.सी. कैडेट्स एवं एन.एस.एस. वॉलंटियर्स ने भव्य परेड प्रस्तुत की।
इस अवसर पर शहीद प्रताप सिंह चौहान (उप निरीक्षक, सीमा सुरक्षा बल) तथा स्व. ज्ञान सिंह (सहायक कमांडेंट, आई.टी.बी.पी.) के परिजनों को उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान क्रमशः भीमा देवी एवं मुकेश (परिवार, प्रताप सिंह चौहान) तथा सुरजी देवी एवं बबीता (परिवार, ज्ञान सिंह) ने प्राप्त किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्काउट एंड गाइड इकाई ने स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया, साथ ही सामूहिक गीत, भाषण, एकल गान एवं पारंपरिक नाटी नृत्य भी हुआ। दिन का मुख्य आकर्षण विद्यालय के बालकों और भारतीय सेना के बीच खेला गया रोमांचक वालीबाल मैच रहा, जिसमें सेना की टीम विजयी रही। मैच के आयोजन में शारीरिक शिक्षा शिक्षक कुलदीप सूद की अहम भूमिका रही। स्थानीय विद्यालयों एवं गायत्री पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम में सतपाल राणा (नायब तहसीलदार, उप-तहसील जांगला), दीपक शर्मा (प्रभारी, पुलिस चौकी जांगला), प्रवीण मेहता (प्रधानाचार्य, गायत्री पब्लिक स्कूल), प्रदीप मेहता (अध्यक्ष, व्यापार मंडल) सहित स्थानीय विद्यालयों के कर्मचारी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन यशपाल शर्मा एवं नियम गुलेरिया ने कुशलतापूर्वक किया।
