Spread the love

कांग्रेस नहीं कर पा रही प्रत्याशी तय, चुनाव जीतना मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा: अनुराग ठाकुर 

हमीरपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि राहुल गांधी वायनाड से चुनाव हार रहे हैं। इसलिए अब अमेठी का रुख कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाल यह है कि हार के डर से उसके सभी बड़े नेता दो-दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। फिर भी कांग्रेस अभी तक 300 सीटों पर भी अपने उम्मीदवार नहीं खड़े कर पाई है, चुनाव जीतना इनके लिए मुंगेरी लाल के हसीन सपने से ज़्यादा कुछ नहीं है। भारत को आपातकाल की आग में झोंकने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र पर ज्ञान बांटती फिर रही है। 

अनुराग ठाकुर वीरवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र हमीरपुर के तहत दसवीं प्रागपुर, अंब और मुबारिकपुर में आयोजित पन्ना प्रमुख ‌सम्मेलन और अन्य कार्यक्रमों में बोल रहे थे। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता में आने के साथ ही वसूली चालू कर देती है। यह वसूली टैक्स व्यापारियों से लेकर प्रत्येक आम आदमी को देना पड़ता है। लेकिन इस बार मौत के बाद भी कांग्रेस अपनी वसूली जारी रखना चाहती है। यह उसके मेनिफेस्टो से स्पष्ट है। कांग्रेस का कहना है कि आपकी मृत्यु के बाद आपकी संपत्ति आपके संतानों की नहीं, बल्कि उनके वोट बैंक की हो जाएगी। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के राज में ना संपत्ति सुरक्षित है, ना संतान सुरक्षित है, ना हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं और ना हीं हमारा सनातन सुरक्षित है।

 अनुराग ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस के राज में हमारी बहन और बेटियां भी सुरक्षित नहीं है। उनको दरिंदे लव जिहाद का शिकार बनाते हैं और कांग्रेस अपिजमेंट पॉलिटिक्स के चलते कुछ नहीं करती। हिमाचल प्रदेश के कांग्रेसी कहते हैं कि 97 फीसदी हिंदुओं वाले राज्य में हमने हिंदुओं को हराकर सरकार बनाई। कर्नाटक में कांग्रेस के काउंसलर की बेटी नेहा को एक दरिंदे ने सात से ज्यादा बार चाकू से गोद कर दिनदहाड़े हत्या कर दी। लेकिन कर्नाटक की कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण की राजनीति के चलते अपने ही काउंसलर को न्याय नहीं दे रही है। अंत में थक हारकर नेहा के पिता ने केंद्र सरकार से सीबीआई जांच की मांग की है।”

 अनुराग ठाकुर में आगे कहा, “जम्मू कश्मीर में धारा 370 लगाना पंडित जवाहरलाल नेहरू की सबसे बड़ी भूल थी जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुधारा है। आज जम्मू कश्मीर में अलगाववाद, आतंकवाद और पत्थरबाजी की घटना लगभग बंद हो चुकी है। आज हमने कश्मीर में पंचायती राज और डीडीसी के चुनाव कराए हैं और अब जल्द वहां विधानसभा के भी चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने हमेशा देश भर में समय अनुसार चुनाव कराए हैं और अलग-अलग सरकारें बनी हैं। आज जब हमारे कार्यकर्ता लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धि बता रहे हैं तब लगभग यह स्पष्ट हो चुका है कि जैसे मोदी जी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाया है ठीक उसी प्रकार प्रत्येक बूथ पर भारतीय जनता पार्टी को 370 वोटो की लीड मिलेगी। इन चुनावों में हम अकेले दम पर 370 से ज्यादा सीटें जीतेंगे और एनडीए 400 पार जाएगा।”

 अनुराग ठाकुर ने कहा, “नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में देश की सरहदों और सेना को सशक्त बनाया है। आज पूरे विश्व में भारत का मान और सम्मान बढ़ा है। लेकिन कांग्रेस को यह पच नहीं रहा, वह अपने अनर्गल बयानबाजी से किसी भी तरह सत्ता हथियाना चाहती है। अगर आप कांग्रेस का मेनिफेस्टो देखेंगे तो यह किसी भारतीय राजनीतिक दल का मेनिफेस्टो नहीं बल्कि भारत विरोधियों का मेनिफेस्टो लगता है। कांग्रेस ने कभी भी सेना को सशक्त नहीं बनाया बल्कि रक्षा सौदों में भी दलाली की है।”

राहुल गांधी के जीवन का एकमात्र लक्ष्य देश को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटना 

अनुराग ठाकुर ने कहा, “आज राहुल गांधी के जीवन का एकमात्र लक्ष्य देश को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटना है। वहीं मोदी जी एक, श्रेष्ठ और विकसित भारत के निर्माण हेतु दिन रात मेहनत कर रहे हैं। कांग्रेस हमारे आराध्य श्री राम को काल्पनिक बताती थी और श्री राम जन्मभूमि पर फिर से बाबरी मस्जिद के निर्माण की पक्षधर थी। उनके गठबंधन के सहयोगी तो इससे बढ़कर सनातन को कुचलने की बात करते हैं। लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने आज अयोध्या में दिव्य और भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण कराया है। काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और चार धामों का विकास कराया है। वह लोग शक्ति से लड़ना चाहते हैं, हम शक्ति की आराधना करते हैं। कांग्रेस ने संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को अपमानित और प्रताड़ित कर उन्हें राजनीति से बाहर किया। वीपी सिंह जी की सरकार ने उन्हें भारत रत्न दिया। मोदी जी ने उनके पंच तीर्थ का विकास किया, संविधान दिवस मनाना शुरू किया और उनकी जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार भी रिकॉर्ड स्तर पर महिलाओं और एससी, एसटी, ओबीसी उम्मीदवारों को टिकट दिए हैं।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *