Spread the love

शिमला। हिमाचल के विकास पुरुष स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की विकास की परिपाटी के संवाहक विक्रमादित्य सिंह होंगे। रामपुर क्षेत्र के दूर दराज के क्षेत्र पंद्रह बीश के फांचा पंचायत से वीरवार को चुनाव प्रचार की शुरूआत करते हुए मंडी क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने यह बात कही।

प्रतिभा सिंह ने इसके बाद जघोरी, गानवी, कूट, क्याओं, ज्यूरी और बधाल में भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के लिए कांग्रेस को पहचाना जाता है और उस विकास के लिए भी जो स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने बगैर किसी भेद भाव के किया। उन्होंने कहा कि मंडी लोकसभा क्षेत्र का प्रचार अभियान शुरू करने का हमारा मकसद भी यही है कि हम समाज के दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करें।

सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश में कांग्रेस सरकारों ने उसी ग्रामीण क्षेत्र की समययो को देखते हुए मनरेगा जैसा कानून लेकर आई ताकि वहां की महिलाओं को उसके घर द्वार पर कमाई का जरिया मुहैया करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि महिला किसान जो दूध उत्पादन में कार्य करती है उसकी मेहनत को आंकते हुए उसके उत्पाद की न्यूनतम कीमत उसे देने की घोषणा ही नहीं की, बल्कि उसे 45 रुपए प्रति लीटर दूध का दाम देना शुरू भी किया।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने महिलाओं को 1500 रुपए हर महीने देने का वायदा किया था उसे लागू कर दिया है। हालांकि प्रदेश में  भाजपा के नेता उसके खिलाफ चुनाव आयोग तक चले गए थे। उन्होंने इन सभाओं में आम जन से मंडी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनती है तो देश की हर महिला के खाते में एक लाख हर वर्ष दिया जाएगा और युवाओं को 30 लाख रोजगार का जो वायदा कांग्रेस ने किया है वो पूरा किया जाएगा।

आज इस दौरे में ननती टिक्कर, फांचा, कांदरी, नीनुआ, पशगाव, गानवी, टिकरी खथरानू, मदारा, कूट, कोथरू, खिऊंचा, सुरु आदि गांवों की सैकड़ों महिलाओं और नवयुवक मंडलों के युवाओं ने भागीदारी की। इस दौरान उनके साथ 7वें वित्तीय आयोग के अध्यक्ष व स्थानीय विधायक नंदलाल, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, रामपुर पंचायत समिति अध्यक्ष, रामपुर महिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकांता, कांग्रेस ब्लॉक अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष चुनी लाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश वर्मा, इंटक के राज्य उपाध्यक्ष बिहारी सेवगी भी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *