शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र के बाद तीनों निर्दलीय विधायक होशयार सिंह, केएल ठाकुर व आशीष शर्मा भाजपा में शामिल होंगे। तीनों ही विधायक भाजपा के टिकट पर उप चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के सरकारी आवास जाकर इस्तीफा सौंपा।
विधायकी से त्यागपत्र देने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में इन तीनों विधायकों ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के साथ-साथ, अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के हित में त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। ऐसे में विकास यात्रा में वे भी भागीदार बनेंगे।
निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि बीते 14 महीनों में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री के गृह जिला से हैं। उनके ही चुनाव क्षेत्र में काम न होना अखरता है। इसके बाद उनके समेत कई विधायकों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा में शामिल होंगे तथा पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
देहरा के निर्दलीय विधायक होशयार सिंह का कहना है कि उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर राज्यसभा चुनाव में मतदान किया है। बाहरी व्यक्ति को वोट देने की आवाज मेरी अंतरात्मा से नहीं आई। हर्ष महाजन हिमाचल से हैं। लिहाजा उन्हें वोट दिया। उन्होंने कहा कि बीते एक साल से विधायक की संस्था को कमजोर किया जा रहा है। बगैर चुनाव जीते लोगों की सरकार में सुनी जा रही है। लिहाजा उनके पास त्यागपत्र के अलावा विकल्प नहीं था। क्योंकि सरकार के समक्ष बार-बार मामला लाए जाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही थी।
नालागढ़ के निर्दलीय विधायक केएल ठाकुर ने कहा कि वह भाजपा में थे, भाजपाई हैं तथा रहेंगे भी। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला था। लिहाजा वह निर्दलीय चुनाव लड़ कर जीते। उन्होंने भी कहा कि राज्यसभा चुनाव के बाद के घटना क्रम को सभी ने देखा है। लिहाजा त्याग पत्र के बाद अब वह भाजपा में शामिल होकर उप चुनाव लड़ेंगे।
