Spread the love

शिमला। 

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान करोड़ों की परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किये। 

रोहित ठाकुर ने कोटखाई तहसील की गरावग पंचायत में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली निहारी कुड़ी मौहली सड़क स्तर उन्नति व उन्नयन कार्य का भूमि पूजन किया तथा 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जौणी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। 

विद्यालय में आयोजित एक समारोह में शिक्षा मंत्री ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए बताया कि वर्तमान सरकार प्रदेश में उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। इसी दिशा में कार्य करते हुए शिक्षकों के रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अधोसंरचना के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को विश्व स्तरीय अवसर प्रदान करने के लिए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गत वर्ष अनेक ऐसे निर्णय लिए है, जिनसे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार दिखाई देने लगे हैं। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि गरावग पंचायत से उनका एक आत्मीय सम्बन्ध है और उनके विधानसभा क्षेत्र की यह एक महत्वपूर्ण पंचायत है इसलिए पंचायत के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ 50 लाख की लागत से ग्रेई सड़क पर एक पुल और 30 लाख की लागत से एक कलवर्ट का निर्माण प्रगति पर है। 

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने उपमंडल दंडाधिकारी जुब्बल राजीव संख्यान के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जौणी में चल रही 10+2 कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं का निरीक्षण किया तथा प्रधानाचार्य व अन्य अध्यापकों को परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए। 

ग्राम पंचायत थरोला मे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की रखी आधारशिला, 1.78 करोड़ होंगे व्यय 

इसके पश्चात शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत थरोला मे 1 करोड़ 78 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन की आधारशिला रखी। इस दौरान आयोजित एक अन्य जनसभा मे उपस्थित जनसमुदाय से संवाद करते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश विकास के लिए प्रतिबद्ध है। थरोला मे होने वाले प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के भवन का निर्माण एवं अन्य कार्य इसी सिलसिले कि एक कड़ी है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बनने से क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत थरोला में लोगों की समस्याओं को भी सुना और उनके निदान का आश्वासन भी दिया। 

रोहित ठाकुर ने भाजपा पर साधा निशाना 

भाजपा पर निशाना साधते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि पिछली भाजपा सरकार ने प्रदेश में डबल इंजन का डंका तो अवश्य बजाया, किन्तु विकास के नाम पर वह कुछ नहीं कर पाई। वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान भी आपदा के समय प्रदेश को किसी प्रकार की राहत तो दी नहीं पर कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए ऑपरेशन लोटस चलाने का प्रयत्न अवश्य किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता के सहयोग और समर्थन से कांग्रेस सरकार अपना 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी और प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगी। इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, स्थानीय ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि अन्य वरिष्ठ कांग्रेस के कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *