Spread the love

शिमला। असम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रोके जाने की कोशिशों पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी की इस न्याय यात्रा रोकने का प्रयास कर असम के मुख्यमंत्री गलत मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी में भी राहुल गांधी की यात्रा रोकने का साहस नहीं है। वह अपनेआप में इतने मजबूत हैं कि किसी से भी घबराने वाले नहीं। वे सोमवार को यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को मिल रहे अपार जनसमर्थन से घबरा कर उनकी यात्रा को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को रोकने का कोई औचित्य नहीं। उन्होंने देश की एकता व अखंडता के लिए यात्रा शुरू की है। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने राहुल गांधी को गिरफ्तार करने के असम के मुख्यमंत्री के बयान की भी निंदा की।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सनातन धर्म को मानने वाले सनातनी हैं। नेता प्रतिपक्ष को राजनीतिक रोटियां सेंकने की आदत है। लिहाजा जब भी हम शुभ कार्यों में भगवान राम के आदर्शों पर चलने का प्रयास करते हैं, वह भाजपा को रास नहीं आता। उन्होंने कहा कि हनुमान जी भगवान राम के अनन्य भक्त हैं। लिहाजा जाखू में भगवान श्री राम की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *