शिमला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर रविवार से समूचे प्रदेश में बीजेपी ने देवालयों में सफ़ाई अभियान की शुरुआत की। इसके क्रम में आज पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में आज बीजेपी शिमला क़े सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता कालीबाड़ी मंदिर पहुंच कर सफ़ाई अभियान चलाया। इस तरह का अभियान भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में चला रही है।
पार्टी के नेता अपने आस पास के सभी मंदिरों में जाकर वहां पर सफ़ाई अभियान चला रहे हैं। अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा से पूरे देश में उत्साह और उल्लास का माहौल है। रविवार सुबह काली बाड़ी मंदिर पहुंचे बीजेपी के सभी नेताओं ने मंदिर परिसर में सफ़ाई अभियान चलाया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत सभी नेताओं ने मंदिर परिसर की धुलाई की।
उधर, मीडिया से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरे देशभर में मंदिरों की साफ़ सफ़ाई का अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान अयोध्या में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा तक अनवरत चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के सदकर्मों का प्रतिफल है कि हम सभी इस शुभ घड़ी के साक्षी बन रहे हैं। पांच सौ वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद 22 जून को विधि विधान से राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है और अयोध्या नगरी को एक वैश्विक नगरी की तरह विकसित किया जा रहा है।
इस मौक़े पर पत्रकारों द्वारा भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर पूछे सवाल पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत पूरी मज़बूती के साथ जुड़ा है और सबका साथ-सबका विकास के ध्येय के साथ आगे बढ़ रहा है। आज भारत के एक कुशल और मज़बूत नेतृत्व के नरेन्द्र मोदी के हाथों में है और पूरी दुनिया के सामने शान से खड़ा है। इसलिए किसी को भारत जोड़ने की आवश्यकता नहीं है।
इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, शिमला शहरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी संजय सूद, कमलजीत सूद, सुदीप महाजन, गौरव कश्यप, कुसुम सदरेट, सुनील धर, राजीव पंडित, बिट्टू पाना, कल्याण धीमान, शैली शर्मा, तरुण राणा, जगजीत बग्गा,संजीव ठाकुर, अनूप वैद, रोहित सचदेवा, तरुण पूरी, संजय शर्मा, संदीप शर्मा, रजत मलहोत्रा, मनु अग्रवाल, चेतन आदि उपस्थित थे।
